हरियाणा

Gurugram: 15 अगस्त पर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत, 4500 पुलिसकर्मी संभालेंगे जिम्मेदारी

Admindelhi1
13 Aug 2026 8:58 PM IST
Gurugram: 15 अगस्त पर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत, 4500 पुलिसकर्मी संभालेंगे जिम्मेदारी
x
15 अगस्त को शहर में रहेगा कड़ा सुरक्षा पहरा, 4500 पुलिसकर्मी तैनात

गुरुग्राम: 80वें स्वतंत्रता दिवस को शांतिपूर्ण और सुरक्षित तरीके से मनाने के लिए गुरुग्राम पुलिस ने जिले भर में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए हैं। वीआईपी मूवमेंट और बड़ी भीड़ को देखते हुए पुलिस ने बहुस्तरीय सुरक्षा व्यवस्था तैयार की है। जिले में करीब 4500 पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं।

गुरुग्राम में स्वतंत्रता दिवस के मुख्य कार्यक्रम पांच स्थानों पर होंगें। पुलिस ने वीआईपी रूट की एंटी-सैबोटाज चेकिंग कराई है। सडक़ किनारे निगरानी, रूफ-टॉप ड्यूटी, आउटर कॉर्डन और संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त बल तैनात किया गया है। वीआईपी के आवागमन के दौरान कट, रेड लाइट, टी-प्वाइंट, फ्लाईओवर और अंडरपास पर विशेष यातायात व्यवस्था रहेगी। ताऊ देवी लाल स्टेडियम सेक्टर-38 सहित सभी मुख्य स्थलों पर वीआईपी और आमजन के लिए अलग-अलग प्रवेश द्वार बनाए गए हैं। प्रवेश पर गहन जांच होगी। महिलाओं की चेकिंग के लिए महिला पुलिसकर्मी और फ्रिस्किंग कैबिन लगाए गए हैं। मंच, परेड ग्राउंड, पार्किंग और आसपास की ऊंची इमारतों की छतों पर पुलिसकर्मी तैनात रहेंगे। वीआईपी स्टेज और महत्वपूर्ण स्थानों पर क्यूआरटी भी मौजूद रहेगी।

स्वतंत्रता दिवस के मद्देनजर जिले में 11 प्रमुख नाका प्वाइंट चिन्हित किए गए हैं। इन पर गुरुवार शाम चार बजे से समारोह समाप्ति तक पुलिस बल तैनात रहेगा।

नाकों पर पुलिसकर्मी रिफ्लेक्टर जैकेट, टॉर्च और वायरलेस सेट के साथ संदिग्ध वाहनों और व्यक्तियों पर नजर रखेंगे। जरूरत पडऩे पर अतिरिक्त नाके भी लगाए जाएंगे। पुलिस होटल, सराय, धर्मशाला, रेस्टोरेंट, मॉल और क्लबों की विशेष चेकिंग करेगी। समारोह स्थलों और वीआईपी रूट पर एंटी-सैबोटाज जांच होगी। संदिग्ध बैग या सामान लेकर अंदर जाने की अनुमति नहीं होगी। किसी भी आकस्मिक स्थिति से निपटने के लिए सभी प्रमुख स्थलों पर पांच फायर ब्रिगेड और पांच एंबुलेंस तैनात रहेंगी। वायरलेस संचार की सुविधा भी सुनिश्चित की गई है। सुरक्षा की कमान संभालने के लिए हर स्थल पर वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपी गई है।

Next Story