हरियाणा

Gurugram: सस्ते आईफोन का झांसा देकर ठगी करने वाला पकड़ा गया

Admindelhi1
16 Jan 2026 6:01 PM IST
Gurugram: सस्ते आईफोन का झांसा देकर ठगी करने वाला पकड़ा गया
x

गुरुग्राम: सस्ते दामों में आई-फोन दिलाने के नाम पर ठगी करने के अंतरराष्ट्रीय गिरोह का गुरुग्राम पुलिस ने भंडाफोड़ किया है। गिरोह के एक सदस्य को अपराध शाखा सेक्टर-43 की टीम ने गिरफ्तार किया है। वह अपने अन्य साथियों के साथ नेपाल व भारत के लोगों को सस्ते दामों में आई-फोन देने का झांसा देकर ठगी करता था। पुलिस प्रवक्ता संदीप कुमार ने शुक्रवार को बताया कि आरोपी चोरी की वारदातों को भी अंजाम देता था।

अपराध शाखा सेक्टर-43 इंचार्ज निरीक्षक नरेंद्र शर्मा के नेतृत्व में टीम ने सस्ते दामों में आई-फोन दिलाने के नाम पर ठगी करने और चोरी करने वाले अंतरराष्ट्रीय गिरोह के इस सदस्य को काबू किया। आरोपी अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर विशेष रूप से विदेशी नागरिकों को निशाना बनाकर योजनाबद्ध तरीके से ठगी की वारदात को अंजाम देता था।

इसी तरह की ठगी के मामले में 29 दिसंबर 2025 को नेपाल मूल के रहने वाले एक व्यक्ति ने पुलिस थाना सुशांत लोक, गुरुग्राम की पुलिस टीम को एक लिखित शिकायत के माध्यम से बताया कि कुछ समय पहले नेपाल में उसकी (शिकायतकर्ता) मुलाकात भारत के रहने वाले दो अनजान युवकों से हुई थी, जिन्होंने स्वयं को प्रभावशाली बताते हुए इन्हें अमेरिका से आई-फोन मंगवाकर सस्ते दामों में उपलब्ध कराने का झांसा दिया और उसे अपने विश्वास में ले लिया। उन व्यक्तियों के कहे अनुसार वह दो लाख रुपये नगद लेकर नेपाल से भारत आई-फोन खरीदने के लिए आया।

अपराध शाखा सेक्टर-43 इंचार्ज निरीक्षक नरेन्द्र शर्मा के नेतृत्व में गठित टीम द्वारा एक आरोपी को दिल्ली से काबू किया गया। आरोपी की पहचान मोहम्मद गालिब रजा निवासी पहाडग़ंज दिल्ली के रूप में हुई है। आरोपी ने पुलिस पूछताछ में बताया कि वह एक संगठित अंतरराष्ट्रीय ठग गिरोह का सक्रिय सदस्य है। वह अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर विशेष रूप से विदेशी नागरिकों को सस्ते इलेक्ट्रॉनिक गैजेट्स का लालच देकर भारत बुलाकर ठगी व चोरी करने की वारदातों को अंजाम देता है। वह भारत सहित नेपाल में भी इस प्रकार की कई वारदातों को अंजाम देने में संलिप्त रहा है। पुलिस ने शुक्रवार को आरोपी को अदालत में पेश करके रिमांड पर लिया गया।

Next Story