Gurugram: शादी का वादा कर युवती के साथ दुष्कर्म, आरोपी पर केस दर्ज

गुरुग्राम: फर्रुखनगर थाना क्षेत्र में एक निजी कंपनी में काम करने वाली युवती से युवक ने शादी का झांसा देकर यौन संबंध बनाए हैं। इतना ही नहीं आरोपी युवक ने पीड़िता से 3.50 लाख रुपये भी अपना कर्ज उतराने की बात कहकर ऐंठ लिए।
आरोपी युवक ने पीड़िता को अश्लील फोटो वायरल करने और जान से मारने की धमकी भी दी है। पीड़िता की शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज करके जांच शुरू कर दी है। उत्तर प्रदेश के कौशांबी भरवारी निवासी एक युवती ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह गुरुग्राम के एक गांव में किराये पर रहकर निजी कंपनी में नौकरी करती है। वर्ष 2023 में नौकरी के दौरान ही कंपनी में उसकी पहचान उत्तर प्रदेश के इलाहाबाद धुमनंगज निवासी उत्कर्षित उर्फ शुभम से हुई थी। इसके बाद वे दोनों मिलने लगे और फोन पर बातें करने लगे। कुछ समय बाद उत्कर्षित उर्फ शुभम ने युवती से शादी करने के बारे में कहा और उसे घुमाने के बहाने एक होटल में लेकर गया।
होटल पहुंचकर युवक ने युवती को शांदी का झांसा देकर उसकी मर्जी के बिना ही शारीरिक संबंध बनाए। इसके बाद उत्कर्षित उर्फ शुभम ने कई बार युवती से यौन संबंध बनाए और शादी का झांसा देता रहा। कुछ समय बाद युवक ने युवती से कहा कि अब हम पति पत्नी बन गएं हैं और मेरे ऊपर गांव में कुछ कर्ज है। उसने युवती को कहा कि कर्ज उतारने के बाद समाज के सामने शादी करूंगा और उसने युवती से 3.50 लाख रुपये ले लिए। पीड़ित युवती ने पुलिस को बताया कि उसे कुछ समय पहले ही पता चला है कि आरोपी युवक की फरवरी 2025 में सगाई हो चुकी है। 25 मई को जब युवती ने युवक से उसकी सगाई के बारे में पूछा तो वह झगड़ा करने लगा और अश्लील फोटो व वीडियो को सोशल मीडिया पर वायरल करके बदनाम करने की धमकी दी। पीड़ित युवती ने अपनी लीगल एडवाइजर के साथ फर्रुखनगर थाने में शिकायत देकर उचित कार्रवाई की मांग की है।





