हरियाणा

Gurugram : पूर्व फौजी की गोली मारकर हत्या, पुरानी रंजिश में किया था हमला

Tara Tandi
19 April 2024 9:47 AM GMT
Gurugram : पूर्व फौजी की गोली मारकर हत्या, पुरानी रंजिश में किया था हमला
x
गुरुग्राम : हरियाणा में गुरुग्राम के खांडसा गांव में एक सेवानिवृत फौजी की रंजिश के चलते गोली मार कर हत्या कर दी गई। आरोपी ने फौजी को 4 से 5 गोलियां मारी जो फौजी के पेट और छाती में लगी। गोली लगने के बाद भी फौजी ने आरोपी को पकड़ कर गिरा लिया और पास पड़ी ईंट से आरोपी के सिर पर वार कर दिया।
दोनों के बीच खूनी संघर्ष होता देख फौजी के परिजनों ने भी आरोपी पर लोहे की रॉड से सिर पर हमला कर दिया। संघर्ष के दौरान एक गोली आरोपी के सिर में भी लग गई, जिसकी पुष्टि पुलिस नहीं कर रही हैं। संघर्ष में फौजी के साथ–साथ आरोपी की भी मौके पर मौत हो गई।
मृतक फौजी की पहचान 55 वर्षीय खांडसा गांव निवासी सुनील उर्फ फौजी के रूप में हुई है। वहीं मृतक हमलावर की पहचान 34 वर्षीय दिनेश उर्फ टिम्मू के रूप में हुई है। जो ड्राइवर की नौकरी करता था।
हमलावर के खिलाफ पहले भी दर्ज हैं मामले
दिनेश अपराधिक प्रवत्ति का था। पुलिस रिकॉर्ड में दिनेश के खिलाफ पहले से ही कई मामले दर्ज है। जिनमे अवैध हथियार रखने के मामले भी शामिल है। जिनके कारण दिनेश पहले भी जेल की हवा खा चुका था। पूर्व फौजी सुनील का ट्रांसपोर्ट का बिजनेस था। सुनील ट्रांसपोर्ट यूनियन का पदाधिकारी भी था।
मामूली कहासुनी रंजिश में बदली
परिवार के लोगों ने बताया कि सुनील का हत्यारे दिनेश के साथ ट्रांसपोर्ट में ही मुलाकात हुई थी। घटना से कुछ दिन पहले सुनील और दिनेश में कहासुनी भी हो गई थी। जिसके चलते सुनील ने दिनेश को थप्पड़ भी मारा था। इसी कारण से दिनेश सुनील से रंजिश रखने लगा।
जब सुनील घर से बाहर निकला तो आरोपी ने मौके का फायदा उठा कर सुनील पर ताबड़तोड़ गोलियां बरसा दी। दिनेश ने अवैध पिस्टल से सुनील को गोली मारी थी। जिसकी जांच पुलिस अभी कर रही है।
इसी दौरान मौके पर मौजूद सुनील के रिश्तेदार सोहित ने दिनेश पर लोहे की रॉड से हमला कर दिया। जिससे दिनेश की मौके पर ही मौत हो गई। बाद में सुनील को मेदांता अस्पताल लेकर पहुंचे। अस्पताल में डॉक्टर्स ने सुनील को मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना पुलिस को दी गई जिसके बाद ACP मानेसर सुरेंद्र सिंह, ACP क्राइम वरुण दहिया FSL की टीम और सेक्टर 37 थाना पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस टीम ने आस पास लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज जब्त कर ली है। जिसमें आरोपी साफ साफ अवैध पिस्टल चलाता दिख रहा है। इसके अलावा टीम ने मौके से 4 खोल भी बरामद किए है।
Next Story