
Gurugram गुरुग्राम नूंह में एक शादी के दौरान चलती गाड़ी की छत पर चढ़कर हंगामा करना महंगा पड़ गया। पुलिस ने दूल्हे, उसके पिता व अन्य के खिलाफ मामला दर्ज कर पांच चालकों को गिरफ्तार कर छह वाहन जब्त किए हैं।
एसपी अर्पित जैन के निर्देश पर नूंह पुलिस ने जिले में बारातों के दौरान वाहनों की छतों पर चढ़कर हंगामा करने व यातायात नियमों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई शुरू कर दी है। 23 अप्रैल को निजामपुर गांव निवासी दूल्हे सोहेल की बारात फिरोजपुर नमक गांव गई थी। बारात वापसी के दौरान सोशल मीडिया पर वायरल हुए वीडियो में कुछ युवक हंगामा करते नजर आए। वायरल वीडियो में साफ तौर पर वे वाहनों की छतों पर बैठे, खिड़कियों से लटके और तेज गति से लापरवाही से वाहन चलाते दिख रहे हैं। इस दौरान यातायात भी बाधित हुआ और तेज म्यूजिक उपकरणों के इस्तेमाल से आम लोगों को परेशानी हुई।
वीडियो क्लिप के आधार पर सदर तावडू थाने में एफआईआर दर्ज कर पुलिस ने पांच चालकों को गिरफ्तार किया है। इनकी पहचान सुनारी गांव निवासी तसलीम, ताई गांव निवासी शाहरुख, चीला गांव निवासी राशिद के रूप में हुई है। बजलाका गांव के साजिद और नूह जिले के निज़ामपुर गांव के साजिद को गिरफ्तार किया गया है। उनके पास से थार, ऑडी, वर्ना और फ्रोंक्स समेत छह गाड़ियां बरामद की गई हैं। नूह पुलिस के प्रवक्ता कृष्ण कुमार ने कहा कि SP अर्पित जैन ने पहले ही शादी के जुलूसों के दौरान स्टंट और ट्रैफिक नियमों के उल्लंघन के खिलाफ सख्त कार्रवाई का संकेत दिया था, और इस संबंध में यह पहली बड़ी कार्रवाई है। शादी समारोहों के नाम पर सार्वजनिक सड़कों पर अव्यवस्था, खतरनाक ड्राइविंग और गुंडागर्दी बिल्कुल बर्दाश्त नहीं की जाएगी।





