Gurugram: सिटी बस में लगी आग ने मचाई तबाही, जलकर राख हुई बस

गुरुग्राम: ओल्ड दिल्ली रोड पर एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। कापसहेड़ा बॉर्डर की तरफ जा रही एक सवारियों से भरी सिटी बस में अचानक आग लग गई। ड्राइवर की सूझबूझ से सभी यात्रियों को समय रहते सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। पुलिस प्रवक्ता संदीप कुमार ने गुरुवार को बताया कि हादसे में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है।
जानकारी के अनुसार बस ओल्ड दिल्ली रोड से गुजर रही थी। इसी दौरान अचानक बस के इंजन से धुआं निकलने लगा। चालक ने तुरंत बस रोकी, लेकिन कुछ ही सेकंड में धुएं ने विकराल रूप ले लिया और पूरी बस आग की लपटों से घिर गई। आग लगते ही बस के अंदर चीख-पुकार मच गई और यात्रियों में अफरा-तफरी फैल गई। आग लगते ही ड्राइवर ने तुरंत बस को सडक़ के किनारे रोका और सभी यात्रियों को फटाफट नीचे उतरने के लिए कहा। यात्री जान बचाने के लिए बस से कूदकर बाहर निकले। गनीमत रही कि आग पूरी तरह फैलने से पहले ही सभी लोग सुरक्षित बाहर आ गए। हादसे की सूचना मिलते ही दमकल विभाग और स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची। फायर ब्रिगेड की गाडिय़ों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। तब तक बस पूरी तरह जलकर खाक हो चुकी थी। इस घटना के कारण ओल्ड दिल्ली रोड पर लंबा जाम लग गया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर यातायात को दूसरे रास्तों पर डायवर्ट किया। क्रेन की मदद से जली हुई बस को सडक़ से हटवाने के बाद ही यातायात सामान्य हो सका। प्राथमिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है। पुलिस और परिवहन विभाग की टीम मामले की जांच कर रही है। दमकल अधिकारियों ने गुरुवार को बताया कि इस घटना की जांच की जा रही है। बस की फिटनेस और मेंटेनेंस रिकॉर्ड भी खंगाले जा रहे हैं। घटना के बाद रोडवेज और सिटी बस अधिकारियों ने सभी बसों में फायर सेफ्टी उपकरणों की जांच के निर्देश दिए हैं।





