हरियाणा

Gurugram: हाई-एंड सोसाइटी में आग से मची अफरा-तफरी

Admindelhi1
23 April 2026 11:24 AM IST
Gurugram: हाई-एंड सोसाइटी में आग से मची अफरा-तफरी
x

गुरुग्राम: सेक्टर-63 स्थित अनंतराज एस्टेट की पॉश सोसाइटी के एक लग्जरी फ्लैट में बुधवार को भीषण आग लग गई। आग ई-ब्लॉक की पहली मंजिल पर स्थित फ्लैट नंबर ई-27 में लगी। यह फ्लैट अंकित सेठी नामक व्यक्ति का है।

जानकारी के अनुसार आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है। आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही समय में पूरे फ्लैट को अपनी चपेट में ले लिया। फ्लैट में मौजूद फर्नीचर, इलेक्ट्रॉनिक सामान, एसी, फ्रिज और अन्य कीमती वस्तुएं पूरी तरह जलकर राख हो गईं।

फ्लैट मालिक अंकित सेठी ने बताया कि आग लगते ही उन्होंने खुद आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन आग बेकाबू हो गई। उन्होंने किसी तरह अपने बच्चों को लेकर फ्लैट से बाहर निकलकर जान बचाई। उनका आरोप है कि घटना की सूचना तुरंत सोसाइटी की मेंटेनेंस टीम को दी गई, लेकिन करीब 30 मिनट तक कोई सहायता नहीं पहुंची। इस दौरान वे खुद ही आग से जूझते रहे और कुछ समय के लिए फ्लैट में फंस भी गए थे।

घटना के बाद सोसाइटी के फायर सेफ्टी इंतजामों की पोल खुल गई है। फ्लैट मालिक का आरोप है कि आग लगने के दौरान न तो बिजली की एमसीबी ट्रिप हुई और न ही सोसाइटी में लगे फायर उपकरण काम आए। जांच में सामने आया कि सोसाइटी में आग बुझाने वाले उपकरण 2018 में ही एक्सपायर हो चुके थे। वहीं वाटर पंप में भी पानी नहीं था, जिससे आग पर काबू पाने में देरी हुई।

घटना के बाद सोसाइटी के निवासी बड़ी संख्या में मौके पर इकट्ठा हो गए और बिल्डर व मेंटेनेंस एजेंसी के खिलाफ विरोध जताया।

Next Story