हरियाणा

Gurugram: जनगणना ड्यूटी में लापरवाही पर 11 कर्मचारियों के खिलाफ एफआईआर

Admindelhi1
20 May 2026 12:42 PM IST
Gurugram: जनगणना ड्यूटी में लापरवाही पर 11 कर्मचारियों के खिलाफ एफआईआर
x
गुरुग्राम में जनगणना कार्य में लापरवाही पर प्रशासन सख्त

गुरुग्राम: मानेसर नगर निगम क्षेत्र में जनगणना के काम में कोताही बरतने वाले 11 कर्मचारियों पर एफआईआर दर्ज करवाई गई है। नगर निगम मानेसर के आयुक्त प्रदीप सिंह ने मंगलवार को कहा कि जनगणना के कार्य को गंभीरता से लें। इस काम में किसी प्रकार की कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

आयुक्त ने निगम के संयुक्त आयुक्त और जनगणना के नोडल अधिकारी पुनीत कुमार को निर्देश देते हुए कहा कि सीएससी सेंटर संचालक और स्कूलों के प्रतिनिधि यदि जनगणना के काम में सहयोग नहीं कर रहे तो उनके खिलाफ कार्रवाई करते हुए शिक्षा बोर्ड को लिखते हुए उन पर कार्रवाई करें। इसके अलावा कोताही बतरने वालों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करवाएं। आयुक्त के आदेशों पर मंगलवार को जनगणना के काम में कोताही बरतने वाले 11 लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करवाई गई। आठ लोगों के खिलाफ मानेसर थाना, तीन लोगों के खिलाफ थाना खेड़की दौला में एफआईआर दर्ज करवाई गई है।

आयुक्त प्रदीप सिंह ने कहा कि केंद्र सरकार की ओर से जनगणना के कार्य में मिली सभी जिम्मेदारी को अधिकारी व कर्मचारी अपना कर्तव्य समझते हुए समय पर पूरा करें। जनगणना के माध्यम से ही भविष्य की योजना, परियोजनाओं का खाका तैयार किया जाता है। जनगणना के वास्तविक आंकड़े के अनुसार ही आमजन को मूलभूत सुविधाएं प्रदान की जाती है। उन्होंने सख्त शब्दों में कहा कि मानेसर नगर निगम क्षेत्र में चल रहे जनगणना का कार्य अपेक्षा के अनुसार नहीं है। पर्याप्त संसाधन और मैनपावर के बावजूद परिणाम में कमी है। इस दौरान आयुक्त ने संयुक्त आयुक्त, उप-निगम आयुक्त, एक्सईएन और एसडीओ को सूक्ष्म मॉनिटरिंग करने के निर्देश दिए। जिन एन्यूमरेटर ने ऐप पर डाटा अपलोड नहीं किया है, उनके खिलाफ भी कार्रवाई करें।

बैठक में संयुक्त आयुक्त पुनीत कुमार, लोकेश यादव, उप-निगम आयुक्त अपूर्व चौधरी, एक्सईएन मंदीप धनखड़, सुशील ठाकरान, वासू बग्गन, एसडीओ विकास शर्मा, संजोग शर्मा, अनिल मलिक, शशिकांत, विपिन बूरा, रविंद्र दहिया सहित अन्य अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।

Next Story