हरियाणा

Gurugram: गुरुग्राम में नकली दवाओं के कारोबार का खुलासा, अंतरराज्यीय गिरोह बेनकाब

Admindelhi1
20 July 2026 1:06 PM IST
Gurugram: गुरुग्राम में नकली दवाओं के कारोबार का खुलासा, अंतरराज्यीय गिरोह बेनकाब
x

गुरुग्राम: हरियाणा फूड एंड ड्रग्स एडमिनिस्ट्रेशन (एफडीए) ने गुरुग्राम और दिल्ली पुलिस के साथ संयुक्त कार्रवाई कर ब्लड प्रेशर की नकली दवाइयां बेचने वाले अंतरराज्यीय गिरोह का पर्दाफाश किया है। मामले में दिल्ली और मुरादाबाद से दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।

होलसेल एजेंसी से शुरू हुई जांच

एफडीए को सूचना मिली थी कि गुरुग्राम में श्री बालाजी फोरम नाम से चल रही एक होलसेल ड्रग एजेंसी के जरिए नकली दवाओं की सप्लाई की जा रही है। जांच में पता चला कि एजेंसी के पास दवा कारोबार का वैध लाइसेंस भी नहीं था।

सूचना के बाद वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर तीन ड्रग कंट्रोल अधिकारियों की संयुक्त टीम बनाकर जांच शुरू की गई।

सप्लाई चेन की जांच के दौरान टीम दिल्ली और मुरादाबाद पहुंची और वहां से दो आरोपियों को गिरफ्तार किया।

पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि नकली दवाओं का निर्माण उत्तराखंड के रुड़की में होता था। वहां से दवा को लखनऊ के रास्ते हरियाणा, दिल्ली और अन्य राज्यों के बाजारों में खपाया जाता था। आरोपी टेल्मीसार्टन एएच नाम की ब्लड प्रेशर की प्रसिद्ध दवा की नकली खेप बेच रहे थे। एफडीए अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों और रुड़की में चल रही नकली दवा फैक्ट्री की पहचान में जुटी है।

नकली दवा से हार्ट अटैक का खतरा

अधिकारियों ने बताया कि जब्त की गई नकली दवा ब्लड प्रेशर नियंत्रित करने के लिए इस्तेमाल की जाती है। अगर मरीज ऐसी नकली दवा लेता है तो उसका बीपी अनियंत्रित हो सकता है, जिससे हार्ट अटैक जैसी जानलेवा स्थिति बन सकती है।

Next Story