हरियाणा

Gurugram: बिजली खपत 1550 लाख यूनिट पार, विभाग अलर्ट

Admindelhi1
28 May 2026 5:16 PM IST
Gurugram: बिजली खपत 1550 लाख यूनिट पार, विभाग अलर्ट
x
डीएचबीवीएन क्षेत्र में बढ़ती बिजली खपत से दबाव बढ़ा

गुरुग्राम: डीएचबीवीएन क्षेत्र में भीषण गर्मी के चलते बिजली की मांग लगातार नए स्तर छू रही है। 27 मई 2026 को निगम क्षेत्र में कुल बिजली खपत 1550.19 लाख यूनिट दर्ज हुई। हरियाणा सरकार के विशेष ऊर्जा सचिव एवं उत्तर तथा दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगमों के प्रबंध निदेशक विक्रम सिंह ने बताया कि भीषण गर्मी और बढ़ते तापमान के बीच दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगम (डीएचबीवीएन) क्षेत्र में बिजली की मांग लगातार बढ़ रही है।

27 मई 2026 को निगम क्षेत्र में कुल बिजली खपत 1550.19 लाख यूनिट दर्ज की गई, जो पिछले दिन की तुलना में 1.87 प्रतिशत अधिक तथा पिछले वर्ष के समान दिन 27 मई 2025 की तुलना में 28.78 प्रतिशत ज्यादा रही। निगम के प्रवक्ता संजय चुघ के अनुसार दिल्ली जोन में सर्वाधिक 1050.22 लाख यूनिट बिजली खपत दर्ज की गई। इसमें गुरुग्राम-द्वितीय सर्कल की खपत 317.73 लाख यूनिट रही, जो पूरे जोन में सबसे अधिक रही। फरीदाबाद सर्कल में 274.83 लाख यूनिट तथा गुरुग्राम-प्रथम सर्कल में 192.47 लाख यूनिट बिजली की खपत दर्ज की गई। हिसार जोन में कुल 499.97 लाख यूनिट बिजली की खपत रिकॉर्ड की गई। इस जोन में हिसार सर्कल में 124.82 लाख यूनिट, सिरसा सर्कल में 101.24 लाख यूनिट तथा भिवानी सर्कल में 103.99 लाख यूनिट बिजली की खपत रही। डीएचबीवीएन क्षेत्र में शहरी श्रेणी में 694.43 लाख यूनिट तथा ग्रामीण घरेलू श्रेणी में 336.31 लाख यूनिट बिजली की खपत दर्ज हुई। आंकड़ों के अनुसार कृषि, ग्रामीण घरेलू तथा शहरी क्षेत्रों में बिजली की मांग में लगातार वृद्धि देखी जा रही है। उन्होंने बताया कि बढ़ती गर्मी, एयर कंडीशनर और कूलिंग उपकरणों के अधिक उपयोग के चलते बिजली मांग में लगातार वृद्धि हो रही है। निगम की टीमें बिजली आपूर्ति को सुचारु बनाए रखने तथा ओवरलोडिंग की स्थिति से निपटने के लिए लगातार मॉनिटरिंग कर रही हैं और फील्ड में सक्रिय रहकर किसी भी तकनीकी बाधा का त्वरित समाधान सुनिश्चित कर रही हैं।

Next Story