Gurugram: पति-पत्नी के विवाद में बड़े भाई का कातिलाना हमला, धारदार हथियार से वार

गुरुग्राम: सेक्टर-14 थाना क्षेत्र में पति-पत्नी के बीच कहासुनी में बड़े भाई ने धारदार हथियार (चापत) से युवक पर हमला कर दिया। इससे युवक के हाथ पर चोट आई है। घायल युवक को सेक्टर-10 स्थित नागरिक अस्पताल में भर्ती कराया गया। घायल युवक की शिकायत पर पुलिस ने उसके बड़े भाई के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
आदर्श नगर निवासी वीर सिंह ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि तीन अप्रैल को उसके व पत्नी के बीच किसी बात को लेकर गाली-गलौज हो गई। वीर सिंह की भाभी ने उसे गाली देने से मना किया तो उसने भाभी को बीच में न बोलने के लिए कहा। इस पर भाभी ने पति शिवराज को उनके झगड़े के बारे में बताया। शिवराज हाथ में धारदार हथियार (चापत) लेकर आया और वीर सिंह पर वार कर दिया। इससे वीर सिंह के हाथ में चोट लग गई। वीर सिंह का आरोप है कि भाई शिवराज ने उसे जान से मारने की धमकी भी दी है। जांच अधिकारी सुमन कुमारी ने बताया कि मामले की छानबीन की जा रही है। दोनों पक्षों पर बुलाकर झगड़े के बारे में बातचीत की जाएगी और उसके बाद आगामी कार्रवाई की जाएगी।





