हरियाणा

Gurugram: दिल्ली-सोहना आवागमन को मिलेगी रफ्तार, राजीव चौक फ्लाईओवर बनेगा मददगार

Admindelhi1
20 Aug 2026 10:50 AM IST
Gurugram: दिल्ली-सोहना आवागमन को मिलेगी रफ्तार, राजीव चौक फ्लाईओवर बनेगा मददगार
x
दिल्ली-सोहना मार्ग पर यातायात दबाव घटाएगा राजीव चौक फ्लाईओवर

गुरुग्राम: शहर में अलवर रोड स्थित राजीव चौक पर फ्लाईओवर निर्माण के लिए अलाइनमेंट को मंजूरी मिल चुकी है। भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण ( एनएचएआई) द्वारा दिल्ली की ओर से सोहना और सोहना की ओर से दिल्ली जाने वाले यातायात के लिए सर्विस रोड से एलिवेटेड कॉरिडोर तैयार किए जाएंगें। यह जानकारी बुधवार को हरियाणा सरकार के शहरी विकास विभाग के प्रधान सलाहकार डीएस ढेसी ने दी।

वे यहां जिला समन्वय समिति की 12वीं बैठक ले रहे थे। बैठक में ढेसी ने गुरुग्राम में चल रहे आधारभूत ढांचे, यातायात, पर्यावरण, पैदल यात्रियों की सुविधाओं और नागरिक सेवाओं से जुड़े विकास कार्यों की समीक्षा की। बैठक में एनएचएआई के अधिकारी ने बताया कि गुरुग्राम के राजीव चौक पर यातायात जाम की समस्या को दूर करने के लिए फ्लाईओवर का निर्माण किया जाएगा। ये फ्लाइओवर दिल्ली से सोहना और सोहना से दिल्ली की ओर जाने के लिए सर्विस रोड़ से बनाए जाएंगें। अधिकारियों ने बताया कि दूरसंचार विभाग की जमीन से संबंधित विषय को सुलझाया जा रहा है और परियोजना के लिए मार्च 2027 तक टेंडर जारी किए जाने की संभावना है। परियोजना पूरी होने के बाद दिल्ली-सोहना के बीच आने-जाने वाले यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी तथा शहर के सबसे व्यस्त जंक्शनों में शामिल राजीव चौक पर यातायात दबाव कम होगा।

एनएचएआई की ओर से राजीव चौक पर मौजूदा नॉन-मोटराइज्ड ट्रांसपोर्ट (एनएमटी) सुविधा को बंद करने का प्रस्ताव है। अधिकारियों ने बताया कि वर्तमान में इसका उपयोग नहीं हो रहा है और मानसून के दौरान यहां जलभराव की स्थिति भी बनती है। यात्रियों की सुरक्षा को देखते हुए इसे बंद करने का निर्णय लिया गया है और इनके स्थान को सडक़ में मिलाया जाएगा, जिससे राजीव चौक के दोनों ओर सडक़ और चौड़ी हो जाएंगी।दिसंबर तक लगाए जाएंगे छह नए एयर क्वालिटी मॉनिटरिंग स्टेशन

बैठक में गुरुग्राम में वायु प्रदूषण की स्थिति और कमीशन फॉर एयर क्वालिटी मैनेजमेंट (सीएक्यूएम) के मानकों के अनुपालन की भी समीक्षा की गई। बताया गया कि शहर में छह और एयर क्वालिटी मॉनिटरिंग स्टेशन स्थापित किए जाएंगे। ये महाराणा प्रताप स्वर्ण जयंती पार्क, सेक्टर-29, जल शोधन संयंत्र बसई, ताऊ देवी लाल पार्क सेक्टर-22, एसजीटी विश्वविद्यालय, केआर मंगलम विश्वविद्यालय और स्टारेक्स विश्वविद्यालय में स्थापित किए जाएंगे। इन सभी स्टेशनों को दिसंबर 2026 तक चालू करने का लक्ष्य रखा गया है। बैठक में बेहरामपुर सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट से प्राप्त शोधित पानी के उपयोग की भी समीक्षा की गई। पैदल यात्रियों की सुरक्षा और फुटपाथों के विकास पर भी विशेष जोर दिया गया। द्वारका एक्सप्रेसवे से पटौदी की ओर प्रस्तावित कनेक्टिविटी की भी समीक्षा की गई।

Next Story