हरियाणा

Gurugram: राहुल गांधी पर एफआईआर के विरोध में कांग्रेस कार्यकर्ताओं का प्रदर्शन

Admindelhi1
1 Sept 2026 10:07 AM IST
Gurugram: राहुल गांधी पर एफआईआर के विरोध में कांग्रेस कार्यकर्ताओं का प्रदर्शन
x
राहुल गांधी के खिलाफ एफआईआर पर कांग्रेस का विरोध, जमकर नारेबाजी

गुरुग्राम: नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के खिलाफ दर्ज की गई एफआईआर के विरोध में जिला कांग्रेस कमेटी गुरुग्राम (शहरी एवं ग्रामीण) द्वारा सोमवार शाम को जोरदार रोष प्रदर्शन किया गया। यह प्रदर्शन कमान सराय स्थित कांग्रेस कार्यालय से शुरू होकर शहर के मुख्य मार्गों से होते हुए गुजरा। प्रदर्शन का नेतृत्व गुडग़ांव जिला शहरी अध्यक्ष पंकज डावर व ग्रामीण जिला अध्यक्ष वर्धन यादव ने किया।

प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार और भाजपा के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। हाथों में तख्तियां और राहुल गांधी के समर्थन में नारे लगाते हुए कार्यकर्ताओं ने कहा कि यह एफआईआर राजनीतिक द्वेष से प्रेरित है और विपक्ष की आवाज को दबाने की साजिश है। इस मौके पर बड़ी संख्या में कांग्रेस के सेेंकड़ों कार्यकर्ता मौजूद रहे। जिला अध्यक्ष (शहरी) पंकज डावर ने कहा कि आज देश में लोकतंत्र खतरे में है। राहुल गांधी जी गरीब, किसान, मजदूर और युवाओं की आवाज उठा रहे हैं, इसलिए भाजपा उन्हें एफआईआर से डराना चाहती है। भाजपा यह समझ ले, कांग्रेस का एक-एक कार्यकर्ता राहुल गांधी के साथ खड़ा है। यह एफआईआर नहीं, भाजपा की डर की निशानी है। जब-जब राहुल गांधी ने सच बोला है, तब-तब सरकार ने जांच एजेंसियों और एफआईआर का सहारा लिया है, लेकिन हम झुकने वाले नहीं हैं। उन्होंने कहा कि हरियाणा में भी कांग्रेस पूरी ताकत से सडक़ों पर उतरेगी और इस तानाशाही के खिलाफ लड़ाई लड़ेगी।

ग्रामीण जिला अध्यक्ष वर्धन यादव ने कहा कि यह सिर्फ राहुल गांधी जी पर एफआईआर नहीं है, यह देश के लोकतंत्र पर हमला है। कांग्रेस का कार्यकर्ता डरने वाला नहीं है। हमारे नेता ने भारत जोड़ो यात्रा से देश को जोड़ा है, और भाजपा तोड़पे का काम कर रही है। तानाशाही के खिलाफ इस लड़ाई को हम मजबूती से लड़ेंगे। आज का यह रोष प्रदर्शन सिर्फ शुरुआत है। अगर यह एफआईआर वापस नहीं हुई तो हम पूरे जिले में बड़े आंदोलन करेंगे। कांग्रेस नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने यह मुकदमा वापस नहीं लिया तो कांग्रेस पूरे हरियाणा में उग्र आंदोलन करेगी। इस अवसर पर यूथ कांग्रेस हरियाणा अध्यक्ष निशित कटारिया, सुनीता सहरावत, सूबे सिंह यादव, सीमा पाहुजा, सीमा हुड्डा, कुलराज कटारिया, कुलदीप गुज्जर, राजेश यादव बादशाहपुर, शाहीन शम्स, सतबीर पहलवान, सुखबीर तंवर, सुनील यादव, शैलेश खटाना, अशोक उल्लावास, अमित कोचर, राजपाल यादव, भोले गुज्जर, नरेश वशिष्ठ, शहजाद खान, दीपेश कौशिक, पंकज मेहंदीरता, राहुल जैलदार, रमाकांत शर्मा, तपन दास समेत अनेक लोग मौजूद थे

Next Story