हरियाणा

Gurugram: मुख्यमंत्री ने एनएच-48 पर सफाई का निरीक्षण किया

Admindelhi1
27 April 2026 10:55 AM IST
Gurugram: मुख्यमंत्री ने एनएच-48 पर सफाई का निरीक्षण किया
x

गुरुग्राम: गुरुग्राम में रविवार को श्रमिकों के सम्मेलन में पहुंचे मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने गुरुग्राम शहर में अलग-अलग स्थानों का दौरा किया और व्यवस्थाओं का जायजा लिया। मुख्यमंत्री ने सुबह एनएच-48 और दोपहर को अशोक विहार-भीमगढ़ खेड़ी के समीप लेग-2 ड्रेन का निरीक्षण किया। उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री राव नरबीर सिंह भी मुख्यमंत्री के साथ रहे।

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने पीडब्ल्यू रेस्ट हाउस से भाजपा कार्यालय गुरुकमल जाते हुए एनएच-48 की सर्विस लेन पर अपना काफिला रूकवार सफाई, हरियाली व अन्य व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने मौके पर ही सबंधित अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि गुरुग्राम में नागरिकों की सुविधा से जुड़ी किसी सेवा में कमी नहीं रहनी चाहिए। वे लगातार नागरिकों को मिलने वाली सुविधाओं का फीडबैक ले रहे है और स्वयं निरीक्षण कर जायजा लेंगे। उन्होंने सडक़ों के किनारे हरियाली व शहर के विभिन्न पार्को के उचित रखरखाव करने के निर्देश भी दिए।

मुख्यमंत्री ने रविवार की दोपहर अशोक विहार-भीमगढ़ खेड़ी के समीप से गुजर रही लेग-2 ड्रेन का निरीक्षण किया। उन्होंने लेग-2 ड्रेन के गंदे पानी को साफ करने के प्रयासो के बारे में विस्तार से जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए इस ड्रेन की सफाई निरंतर होनी चाहिए तथा इसके पानी के नियमित रूप से सेंपल लिया जाए। साथ ही ड्रेन के दोनों किनारों की सफाई कर इसका सुदृढ़ीकरण भी किया जाए। इस अवसर पर डीसी उत्तम सिंह, नगर निगम गुरुग्राम के आयुक्त प्रदीप दहिया, सीपी विकास अरोड़ा व जीएमडीए और अन्य विभागों के अधिकारी भी मौजूद रहे।

Next Story