हरियाणा

Gurugram: गुरुग्राम में विकास कार्यों की स्थिति का आकलन

Admindelhi1
16 May 2026 5:30 PM IST
Gurugram: गुरुग्राम में विकास कार्यों की स्थिति का आकलन
x
"जलापूर्ति व सीवरेज कार्यों की समीक्षा बैठक"

गुरुग्राम: नगर निगम गुरुग्राम के आयुक्त प्रदीप दहिया की अध्यक्षता में शनिवार को निगम कार्यालय में एक महत्वपूर्ण कॉर्डिनेशन बैठक हुई। बैठक में सेक्टर-50 एवं 51 में सर्विस लेइंग से संबंधित समस्याओं, आधारभूत सुविधाओं एवं विभिन्न विकास कार्यों को लेकर विस्तारपूर्वक चर्चा की गई।

बैठक में नगर निगम गुरुग्राम और हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण (एचएसवीपी) के वरिष्ठ अधिकारियों ने भाग लिया। दोनों विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर विकास कार्यों में तेजी लाने तथा लंबित परियोजनाओं का शीघ्र समाधान सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया गया। बैठक के दौरान सेक्टरों में सडक़ कटिंग, पाइपलाइन बिछाने, सीवरेज नेटवर्क के विस्तार, जलापूर्ति व्यवस्था को सुदृढ़ करने, विभिन्न कार्यों के लिए एनओसी जारी करने, भूमि उपलब्धता तथा अन्य आधारभूत सुविधाओं से जुड़े विषयों पर विस्तृत चर्चा की गई। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि नागरिकों की सुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए सभी विकास कार्यों को तय समय सीमा में गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरा किया जाए।

निगमायुक्त प्रदीप दहिया ने कहा कि विभिन्न एजेंसियों के बीच समन्वय की कमी के कारण कई बार विकास कार्य प्रभावित होते हैं, इसलिए विभागीय स्तर पर निरंतर संवाद एवं तालमेल बनाए रखना अत्यंत आवश्यक है। बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि नागरिक सुविधाओं को प्रभावित करने वाले मुद्दों का संबंधित विभाग आपसी समन्वय के माध्यम से त्वरित समाधान सुनिश्चित करेंगे। निगमायुक्त ने कहा कि सेक्टरों में बढ़ती आबादी और पेयजल मांग को ध्यान में रखते हुए नए बूस्टिंग स्टेशन स्थापित किए जाएंगे। बैठक में एचएसवीपी गुरुग्राम की प्रशासक वैशाली सिंह, अतिरिक्त निगमायुक्त यश जालुका एवं रविन्द्र यादव, मुख्य अभियंता विजय ढाका, मुख्य नगर योजनाकार संजीव मान, मुख्य लेखा अधिकारी विजय सिंगला, एचएसवीपी अधीक्षण अभियंता मनोज कुमार सहित दोनों विभागों के संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

Next Story