Gurugram: शराब के बाद कहासुनी बढ़ी, सिर पर वार कर की हत्या

गुरुग्राम: डीआरआई चौक सेक्टर-8 आईएमटी मानेसर में रविवार की रात सिर पर पत्थर से वार करके युवक की हत्या करने वाले आरोपी को पुलिस ने मंगलवार को गिरफ्तार कर लिया। दोनों ने एक ठेके के पास शराब पी और उनके बीच किसी बात को लेकर झगड़ा हो गया। इसी झगड़े में आरोपी ने रोड किनारे पड़े पत्थर से रवि के सिर पर कई वार करके उसकी हत्या कर दी थी।
अपराध शाखा मानेसर और सेक्टर-7 थाना आईएमटी मानेसर की पुलिस टीमों ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए आरोपी को आईएमटी मानेसर से गिरफ्तार किया। आरोपी की पहचान जवाहर उर्फ कट्टपा निवासी खेड़का मोहल्ला हिंदोरिया, दमोह (मध्य प्रदेश) के रूप में हुई है। पुलिस पूछताछ में पता चला कि आरोपी जवाहर मजदूरी का काम करता है। मृतक रवि जिस मकान में रहता था, उसी मकान के दूसरे कमरे में आरोपी रहता था।
आरोपी जवाहर और रवि दोनों दोस्त थे। रविवार की रात दोनों ने ठेके के पास शराब पी थी। इसी दौरान जवाहर व रवि में किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। शराब के नशे में जवाहर ने रोड किनारे पड़ा पत्थर उठाकर रवि के सिर पर कई वार कर दिए। सिर पर गंभीर चोट लगने से रवि की मृत्यु हो गई। वहीं, जवाहर हत्या करने के बाद मौके से भाग गया।





