हरियाणा

Gurugram: गुरुग्राम में आरती राव ने जनप्रतिनिधियों की जिम्मेदारी बताई

Admindelhi1
14 May 2026 11:31 AM IST
Gurugram: गुरुग्राम में आरती राव ने जनप्रतिनिधियों की जिम्मेदारी बताई
x
"गुरुग्राम में आरती राव का जनता से जुड़ा बयान"

गुरुग्राम: प्रदेश की स्वास्थ्य, चिकित्सा शिक्षा, अनुसंधान एवं आयुष मंत्री आरती सिंह राव ने कहा कि राजनीति मेरे लिए केवल पद नहीं, बल्कि जनसेवा का माध्यम है। जनता का विश्वास और आशीर्वाद ही उन्हें लगातार बेहतर कार्य करने की प्रेरणा देता है। कैबिनेट मंत्री बुधवार को जाटौली मंडी में मार्केट कमेटी पटौदी के चेयरमैन मनोज मोकलवास के पद ग्रहण कार्यक्रम को संबोधित कर रही थी। कार्यक्रम में पटौदी की विधायक बिमला चौधरी भी मौजूद रही।

स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव ने चेयरमैन मनोज मोकलवास के कार्यालय का उद्घाटन करने के बाद उन्होंने कहा कि विधायक बनने और मंत्री पद की जिम्मेदारी मिलने के बाद उनकी प्राथमिकता जनता के बीच रहकर काम करना है। उन्होंने कहा कि पिछले डेढ़ साल के दौरान उन्होंने लगातार क्षेत्र के लोगों के बीच पहुंचकर उनकी समस्याओं को समझने और उनके समाधान के लिए कार्य किया है। शुरुआत में लोगों के मन में यह सवाल था कि उनसे मुलाकात कहां और कैसे होगी, लेकिन अब लगातार संवाद और कार्यशैली के माध्यम से जनता का विश्वास मजबूत हुआ है। उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधि का असली दायित्व केवल घोषणाएं करना नहीं, बल्कि लोगों की उम्मीदों पर खरा उतरना और हर जरूरत के समय उनके साथ खड़ा रहना है। आरती राव ने कहा कि विकास कार्यों और जनहित के मुद्दों पर वह पूरी ईमानदारी और प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही हैं और आगे भी इसी तरह जनता की सेवा करती रहेंगी।

स्वास्थ्य मंत्री आरती राव ने कहा कि प्रदेश सरकार हरियाणा में बेहतर, आधुनिक और सुलभ स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए गंभीरता और प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है।

आरती राव ने कहा कि अस्पतालों में आधुनिक मशीनों, विशेषज्ञ डॉक्टरों और जरूरी संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। इसके साथ ही मरीजों और उनके परिजनों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए स्वच्छता, बैठने की व्यवस्था, पेयजल और अन्य मूलभूत सुविधाओं पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है। कार्यक्रम के दौरान स्वास्थ्य मंत्री आरती राव ने कहा कि आगामी फसल खरीद सीजन में पटौदी-जटौली मंडी में अटल किसान मजदूर कैंटीन की सुविधा शुरू की जाएगी। उन्होंने कहा कि इस कैंटीन के माध्यम से किसानों, मजदूरों और मंडी में आने वाले आम लोगों को मात्र 10 रुपये में पौष्टिक भोजन की थाली उपलब्ध कराई जाएगी।

Next Story