हरियाणा

Gurugram: गुरुग्राम एयरपोर्ट टनल में कार बनी आग का गोला, धुएं से भर गई सुरंग

Admindelhi1
14 July 2026 2:31 PM IST
Gurugram: गुरुग्राम एयरपोर्ट टनल में कार बनी आग का गोला, धुएं से भर गई सुरंग
x
गुरुग्राम की एयरपोर्ट टनल में धधकी कार, धुएं से प्रभावित यातायात

गुरुग्राम: गुरुग्राम-द्वारका एक्सप्रेसवे पर बनी नवनिर्मित एयरपोर्ट टनल में सोमवार को चलती कार में अचानक आग लगने से हडक़ंप मच गया। समय रहते कार सवार बाहर निकल आए, जिससे कोई जनहानि नहीं हुई।प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टनल के भीतर कार धूं-धूं कर जलने लगी। कुछ ही मिनटों में टनल के वेंटिलेशन सिस्टम के बावजूद गहरा काला धुआं भर गया। इससे विजिबिलिटी शून्य हो गई और अंदर मौजूद ड्राइवरों में अफरा-तफरी मच गई। राहत की बात यह रही कि आग लगते ही कार में सवार सभी लोग तुरंत बाहर निकल गए। हादसे के समय टनल के प्रवेश और निकास द्वारों पर दिल्ली पुलिस की टीम तैनात थी। धुआं निकलता देख पुलिस ने तुरंत दिल्ली फायर सर्विस को सूचना दी। पास में तैनात फायर ब्रिगेड की गाडिय़ां तुरंत मौके पर पहुंचीं। सुरक्षा के चलते पुलिस ने टनल में नए वाहनों का प्रवेश बंद कर दिया। टनल के भीतर पहले से फंसी गाडिय़ों को पुलिस और बचाव दल ने एक-एक कर सुरक्षित बाहर निकाला।

फायर ब्रिगेड कर्मियों ने भारी धुएं के बीच टनल में प्रवेश कर अत्याधुनिक उपकरणों से आग पर काबू पाया। इस हादसे के कारण द्वारका एक्सप्रेसवे पर ट्रैफिक पूरी तरह बाधित हो गया। टनल के बाहर दिल्ली साइड वाहनों की कई किलोमीटर लंबी कतारें लग गईं। दफ्तर और एयरपोर्ट जाने वाले यात्री जाम में फंस गए। टनल से धुआं निकालने के लिए एग्जॉस्ट पंखों को पूरी क्षमता पर चलाया गया। करीब दो घंटे बाद धुआं साफ होने और स्थिति सामान्य होने पर यातायात धीरे-धीरे बहाल किया गया। प्रारंभिक जांच में इंजन में तकनीकी फॉल्ट या शॉर्ट सर्किट को आग लगने की वजह माना जा रहा है। पुलिस और एनएचएआई की तकनीकी टीम टनल में लगे सीसीटीवी फुटेज खंगालकर हादसे के सटीक कारणों की जांच कर रही है। अधिकारियों ने वाहन चालकों से अपील की है कि लंबी दूरी पर निकलने से पहले वाहन की फिटनेस जरूर जांचें।

Next Story