हरियाणा

Gurugram: मोदी सरकार के 12 साल विकास और जनकल्याण को समर्पित: राव नरबीर सिंह

Admindelhi1
8 Jun 2026 9:06 AM IST
Gurugram: मोदी सरकार के 12 साल विकास और जनकल्याण को समर्पित: राव नरबीर सिंह
x
12 वर्षों में देश ने हर क्षेत्र में हासिल की नई ऊंचाइयां: राव नरबीर सिंह

गुरुग्राम: कैबिनेट मंत्री राव नरबीर सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्ष देश के इतिहास का स्वर्णिम अध्याय हैं। उन्होंने कहा कि यह अवधि सेवा, सुशासन, गरीब कल्याण, राष्ट्रीय सुरक्षा और आत्मनिर्भर भारत के निर्माण को समर्पित रही है। राव नरबीर सिंह रविवार को भाजपा कार्यालय गुरुकमल में गुरुग्राम और बादशाहपुर विधानसभा के कार्यकर्ताओं को संबोधित कर रहे थे। कार्यक्रम को विधायक मुकेश शर्मा और पूर्व मंत्री डा. बनवारी लाल ने भी संबोधित किया।

राव नरबीर सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व में भारत ने वैश्विक मंच पर नई पहचान बनाई है तथा विकसित भारत के संकल्प की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार ने जम्मू-कश्मीर से धारा 370 हटाने, आतंकवाद के खिलाफ कठोर कार्रवाई करने तथा सीमाओं की सुरक्षा को मजबूत बनाने जैसे ऐतिहासिक निर्णयों ने देश की एकता और अखंडता को नई मजबूती प्रदान की है। उन्होंने कहा कि आज भारत विश्व की प्रमुख आर्थिक शक्तियों में शामिल हो चुका है और अंतरराष्ट्रीय मंचों पर उसकी प्रतिष्ठा लगातार बढ़ रही है।

राव नरबीर सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में गरीबों, किसानों, युवाओं, महिलाओं और मजदूर वर्ग के सशक्तिकरण के लिए अनेक ऐतिहासिक कदम उठाए गए हैं। उन्होंने हरियाणा सरकार की उपलब्धियों का जिक्र करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार सभी वर्गों को साथ लेकर विकास कार्यों को आगे बढ़ा रही है। राव नरबीर सिंह ने कहा कि भाजपा सरकार की प्रधानमंत्री आवास योजना, आयुष्मान भारत, उज्ज्वला योजना, हर घर नल से जल, जनधन योजना और मुफ्त राशन जैसी योजनाओं ने करोड़ों गरीब परिवारों के जीवन स्तर को बेहतर बनाया है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे मोदी सरकार की जनहितकारी योजनाओं और 12 वर्षों की उपलब्धियों को घर-घर तक पहुंचाने का कार्य करें। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला अध्यक्ष सर्वप्रिय त्यागी ने की। इस अवसर पर महिला मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष उषा प्रियदर्शी, अरूण यादव, हरविंदर कोहली, बोधराज सीकरी, जिला महामंत्री अजीत यादव, मनीष सैदपुर, जिला उपाध्यक्ष जयवीर यादव, जिला मीडिया प्रभारी हितैषी चौधरी आदि मौजूद रहे।

Next Story