मंत्री रणबीर गंगवा के बयान पर भड़के गेस्ट टीचर, आवास के बाहर किया प्रदर्शन

हिसार: हरियाणा में अतिथि अध्यापकों की भर्ती में आरक्षण लागू नहीं होने संबंधी मंत्री रणबीर गंगवा के बयान पर विवाद खड़ा हो गया है। शुक्रवार को गेस्ट टीचरों ने हिसार में मंत्री के आवास के बाहर प्रदर्शन कर उनके बयान पर सार्वजनिक रूप से खेद जताने की मांग की।
प्रदर्शनकारियों ने 20 जनवरी 2006 को शिक्षा विभाग की ओर से जारी सरकारी पत्र दिखाते हुए सवाल उठाया कि जब नियुक्तियों में आरक्षण नीति के पालन के निर्देश दिए गए थे, तो विधानसभा में आरक्षण लागू नहीं होने की बात किस आधार पर कही गई?
गेस्ट टीचर्स के मीडिया प्रभारी डॉ. अजय लोहान ने आरोप लगाया कि विधानसभा में सरकारी रिकॉर्ड के विपरीत तथ्य रखे गए हैं। वहीं, जिला प्रधान दयाकिशन गुंदली ने कहा कि अतिथि अध्यापकों की नियुक्ति में आरक्षण के पालन को लेकर विभाग के स्पष्ट निर्देश मौजूद हैं।
प्रदर्शनकारियों ने सरकार से मामले में स्थिति स्पष्ट करने और अतिथि अध्यापकों के भविष्य को लेकर जवाब देने की मांग की।





