हरियाणा

PG में युवती की हत्या, फिर इंजीनियर ने ट्रेन के आगे कूदकर दी जान; जांच जारी

Ratna Netam
12 July 2026 7:40 PM IST
PG में युवती की हत्या, फिर इंजीनियर ने ट्रेन के आगे कूदकर दी जान; जांच जारी
x

Gurugram गुरुग्राम : गुरुग्राम के सेक्टर-56 थाना क्षेत्र में रविवार को सनसनीखेज वारदात सामने आई। यहां एक पीजी में रहने वाली युवती की कथित रूप से चाकू से गोदकर हत्या करने के बाद एक इंजीनियर युवक ने ट्रेन के आगे कूदकर आत्महत्या कर ली। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस मामले की जांच में जुटी है और दोनों के बीच संबंधों तथा विवाद के कारणों का पता लगाया जा रहा है।

पुलिस प्रवक्ता संदीप कुमार ने बताया कि पूरे मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि युवती की हत्या के पीछे क्या कारण थे और युवक ने ऐसा कदम क्यों उठाया।

जानकारी के अनुसार, छत्तीसगढ़ के भिलाई निवासी श्रेष्ठ मलिक गुरुग्राम की एक निजी कंपनी में इंजीनियर के पद पर कार्यरत था। वह सेक्टर-56 स्थित क्लाउड नाइन पीजी में रहता था। रविवार दोपहर पीजी में रहने वाले अन्य लोगों ने एक कमरे से खून बाहर निकलता देखा, जिसके बाद उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचना दी।

सूचना मिलने पर सेक्टर-56 थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने कमरे का दरवाजा अंदर से बंद पाया। इसके बाद दरवाजा तोड़कर पुलिस टीम अंदर दाखिल हुई, जहां युवती का शव खून से लथपथ हालत में मिला। युवती के शरीर पर चाकू के कई गहरे घाव के निशान पाए गए। पुलिस ने घटनास्थल को सुरक्षित कर फॉरेंसिक साइंस लैब (एफएसएल) टीम को बुलाया और मौके से जरूरी साक्ष्य जुटाए।

मृत युवती की पहचान उत्तर प्रदेश मूल की इशिका के रूप में बताई जा रही है। पुलिस ने उसके परिजनों से संपर्क करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, युवती और युवक के बीच संबंधों की भी जांच की जा रही है।

इसी बीच पुलिस को सूचना मिली कि गढ़ी रेलवे स्टेशन के पास रेलवे ट्रैक पर एक युवक का शव पड़ा हुआ है। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव की पहचान श्रेष्ठ मलिक के रूप में की। प्रारंभिक जांच में पुलिस को आशंका है कि युवती की हत्या करने के बाद युवक रेलवे स्टेशन पहुंचा और ट्रेन के सामने कूदकर आत्महत्या कर ली।

रेलवे ट्रैक पर युवक का शव क्षत-विक्षत हालत में मिला। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक जांच के बाद मौत की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

फिलहाल सेक्टर-56 थाना पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस दोनों के मोबाइल फोन की कॉल डिटेल, चैट और अन्य तकनीकी साक्ष्यों की जांच कर रही है। इसके अलावा पीजी में रहने वाले अन्य लोगों, मृतक युवक के दोस्तों और परिचितों से भी पूछताछ की जा रही है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि हत्या और आत्महत्या से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट, फॉरेंसिक साक्ष्य और तकनीकी जांच के आधार पर पूरे घटनाक्रम का खुलासा किया जाएगा। पुलिस जल्द ही मामले की वास्तविक वजह सामने लाने का प्रयास कर रही है।

Next Story