
आज ईद है. इस दौरान शांति और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गाजियाबाद पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है. एसएसपी मुनिराज ने बताया कि जिले को 6 जोन में बांटा गया है, जिसके अंदर सेक्टर और सब सेक्टर बनाए गए हैं, जिसका प्रभारी सीओ लेवल के अधिकारी को बनाया गया है.
उन्होंने बताया कि जिले में 224 जगहों पर ईदगाह है, जहां कल ईद की नमाज अदा की जाएगी. इसे लेकर गाजियाबाद पुलिस की पीस कमेटी के साथ बैठक भी हो चुकी है. सभी धर्मगुरुओं के साथ भी पुलिस ने बैठक की है. एसएसपी मुनिराज ने बताया कि सार्वजनिक स्थल पर नमाज पढ़ने की अनुमति नहीं दी गई है. इसके साथ ही जिलेभर में पुलिस लगातार गश्त करेगी. हर संदिग्ध गतिविधि पर नजर रखी जाएगी.
सभी जिलों के कप्तान को निर्देश दिए गए हैं कि नमाज स्थल के आसपास लावारिस पशु न आए. इसके लिए नगर निगम के अधिकारियों से बात कर इसे सुनिश्चित करें. साथ ही विद्युत विभाग, जल-कल विभाग, नगर निगम के अधिकारियों के साथ बैठक कर पानी, साफ-सफाई और बिजली की सुचारू व्यवस्था सुनिश्चित की जाए. जिससे कोई आपात स्थित उत्पन्न न हो.





