हरियाणा

Ganaur: तेंदुए की दस्तक से दहशत, प्रशासन सतर्क

Admindelhi1
4 July 2025 8:40 PM IST
Ganaur: तेंदुए की दस्तक से दहशत, प्रशासन सतर्क
x
गांवों में दहशत का माहौल

गन्नौर: शहर के साथ लगते गांव गुमड़ के खेतों में तेंदुआ होने की चर्चा से आसपास के गांवों में दहशत का माहौल है। सोशल मीडिया पर कुछ वीडियो वायरल हो रहे हैं, जिसमें गुमड़ गांव के खेतों में तेंदुए के घूमने का दावा किया जा रहा है। वीडियो मिलने के बाद प्रशासन भी अलर्ट हो गया है।

गांव गुमड निवासी नरेश ने बताया कि ड्रेन के पास उनके खेत हैं। उनमें गन्ने की खेती की गई है। तीन दिन पहले उनको गन्ने के खेत में तेंदुआ घुसता हुआ दिखाई दिया था। वहीं बुधवार को भी किसान सचिन ने खेत में तेंदुआ देखा तो तुरंत डायल 112 को सूचना दी। डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची। साथ ही वन विभाग को भी सूचित किया गया। वही साथ लगते खेतों में तेंदुए के पैरों के निशान भी देखे गए हैं, जिसके बाद ग्रामीणों में दहशत का माहौल बना हुआ है। खेतों में काम कर रहे मजदूर भी काम छोड़कर चले गए। लोगों ने प्रशासन को अवगत कराया है। साथ ही आसपास के ग्रामीण भी सतर्कता बरतते हुए अपने खेतों की तरफ जाने से गुरेज कर रहे हैं।

कुछ लोग अब तो अपने घर से बाहर निकलने से भी डरने लगे हैं। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की कि जल्द से जल्द मामले की सच्चाई का पता लगाया जाए, ताकि वहां रहने वाले लोगों को खौफ से निजात मिले। वही वन्य जीव प्राणी निरीक्ष के सुनील तंवर ने बताया कि गुमड़ गांव में तेंदुआ दिखाई देने की कोई सूचना व शिकायत नहीं मिली है। अगर कोई सूचना मिलती है तो तुरंत कार्रवाई की जाएगी।

Next Story