हरियाणा

हरियाणा में 402 करोड़ की चार सिंचाई परियोजनाओं को मंजूरी

Admindelhi1
21 Nov 2026 2:50 PM IST
हरियाणा में 402 करोड़ की चार सिंचाई परियोजनाओं को मंजूरी
x
1. पानी बचाने के लिए ड्रिप सिंचाई को बढ़ावा, 7 जिलों में होंगे 61 आउटलेट

चंडीगढ़: हरियाणा में किसानों को माइक्रो इरिगेशन तकनीक अपनाने के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि किसानों को इस तकनीक का लाभ समय पर मिले और सब्सिडी जारी करने में देरी न हो। उन्होंने लंबित आवेदनों का तेजी से निपटारा करने और सब्सिडी प्रक्रिया सरल बनाने पर जोर दिया।

मुख्यमंत्री शुक्रवार को हरियाणा सिविल सचिवालय में माइक्रो इरिगेशन एंड कमांड एरिया डेवलपमेंट अथॉरिटी (मिकाडा) की समीक्षा बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे। उन्होंने निर्देश दिए कि किसान का निर्धारित 15 प्रतिशत अंशदान जमा होते ही माइक्रो इरिगेशन सिस्टम लगाने के लिए जरूरी सामग्री उपलब्ध कराई जाए। गन्ना किसानों को ड्रिप इरिगेशन अपनाने के लिए प्रेरित करने के निर्देश भी दिए गए।

बैठक में अधिकारियों ने बताया कि नाबार्ड की ऋण सहायता के तहत माइक्रो इरिगेशन फंड से 402.41 करोड़ रुपये की चार परियोजनाओं को मंजूरी मिली है। इनके तहत महेंद्रगढ़, अंबाला, कैथल, कुरुक्षेत्र, यमुनानगर, भिवानी और झज्जर जिलों में 61 आउटलेट के माध्यम से 11,040 हेक्टेयर क्षेत्र को कवर किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि किसी भी आउटलेट के लिए टेंडर तभी जारी किया जाए, जब उससे जुड़े कम से कम 60 प्रतिशत लाभार्थियों की सहमति मिल जाए।

बैठक में बताया गया कि ‘पर ड्रॉप मोर क्रॉप’ योजना के तहत किसानों को माइक्रो इरिगेशन सिस्टम पर 85 प्रतिशत तक सब्सिडी दी जाती है। छोटे और सीमांत किसानों को केंद्र सरकार से 33 प्रतिशत और राज्य सरकार से 52 प्रतिशत सब्सिडी मिलती है। वहीं, दो हेक्टेयर से अधिक भूमि वाले किसानों को केंद्र से 27 प्रतिशत और राज्य सरकार से 58 प्रतिशत सब्सिडी दी जाती है।

मुख्यमंत्री ने किसान का 15 प्रतिशत अंशदान आवेदन के समय ही जमा कराने के निर्देश दिए। इसके लिए पीडीएमसी पोर्टल को ‘मेरी फसल-मेरा ब्यौरा’ पोर्टल से जोड़ा जाएगा, ताकि प्रक्रिया आसान हो और किसानों को समय पर सिंचाई उपकरण मिल सकें।

Next Story