
पलवल: हरियाणा के पलवल जिले के चांदहट गांव में घर में घुसकर मारपीट और ताबड़तोड़ फायरिंग का मामला सामने आया है। आरोप है कि थार गाड़ी में सवार होकर आए हमलावरों ने राइफल, पिस्टल और देसी कट्टे से करीब 20 से 25 राउंड गोलियां चलाईं। घटना में पिता-पुत्र को गोली लगी, जबकि सात वर्षीय बच्चा भी घायल हो गया।
पुलिस के अनुसार, गांव निवासी धर्मपाल उर्फ पाली ने शिकायत दर्ज कराई कि 22 नवंबर की देर शाम शेखर, बिरम, सौरभ, जस्से और भोला थार गाड़ी से उनके घर पहुंचे। आरोप है कि हमलावरों ने घर में घुसकर डंडों से मारपीट की और इसके बाद हथियार निकालकर फायरिंग शुरू कर दी।
गोलीबारी और झगड़े की आवाज सुनकर घर से बाहर निकले सुखबीर और उनके बेटे हरेंद्र के पैरों में गोली लग गई। वहीं, सात वर्षीय हिमांशु ईंट-पत्थर लगने से घायल हो गया। तीनों को उपचार के लिए जिला नागरिक अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
चांदहट थाना प्रभारी अश्वनी कुमार ने बताया कि पीड़ित की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस की टीमें आरोपियों की तलाश कर रही हैं। उन्होंने जल्द गिरफ्तारी का भरोसा दिलाया है।





