हरियाणा

नारनौल केंद्रीय विश्वविद्यालय के क्लासरूम में आग, एसी फटने की आशंका

Admindelhi1
17 Oct 2026 10:01 AM IST
नारनौल केंद्रीय विश्वविद्यालय के क्लासरूम में आग, एसी फटने की आशंका
x
एसी फटने से केंद्रीय विश्वविद्यालय के क्लासरूम में आग लगने की खबर

नारनाैल: केंद्रीय विश्वविद्यालय के स्कूल ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी (बीटेक ब्लॉक) के एक क्लासरूम में एसी फटने से आग लग गई। आग से कमरे में रखे डेस्क और कई बिजली उपकरण जलकर क्षतिग्रस्त हो गए। गनीमत रही कि घटना के समय क्लासरूम में कोई विद्यार्थी मौजूद नहीं था, जिससे बड़ा हादसा टल गया। घटना के विरोध में विद्यार्थियों ने गुरुवार देर शाम विश्वविद्यालय के गेट नंबर-दाे पर प्रदर्शन कर प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की।

जानकारी के अनुसार, बुधवार रात बीटेक ब्लॉक के एक क्लासरूम से अचानक तेज आवाज आई और कमरे से धुआं उठने लगा। मौके पर तैनात सुरक्षा गार्ड ने तुरंत दमकल विभाग को सूचना दी। इसके बाद फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। रात के समय क्लासरूम खाली होने के कारण किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। घटना से नाराज विद्यार्थियों ने गुरुवार देर शाम विश्वविद्यालय के गेट नंबर-दाे को बंद कर धरना शुरू कर दिया। एनएसयूआई के पूर्व प्रदेश महासचिव एवं विश्वविद्यालय प्रभारी सुनील कमानिया, विश्वविद्यालय इकाई अध्यक्ष धीरज यादव, उत्तम सिंह राजपूत और भूपी खातोद के नेतृत्व में विद्यार्थियों ने प्रदर्शन किया।

प्रदर्शनकारी विद्यार्थियों ने आरोप लगाया कि विश्वविद्यालय परिसर में इतनी बड़ी घटना होने के बावजूद प्रशासन की ओर से सुरक्षा व्यवस्था और उपकरणों के रखरखाव को लेकर गंभीरता नहीं दिखाई गई। उन्होंने सुरक्षा मानकों की जांच कराने की मांग उठाई। मुख्य मार्ग बंद होने की सूचना मिलने पर आकोदा पुलिस चौकी की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने विद्यार्थियों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन वे अपनी मांगों पर अड़े रहे। बाद में पुलिस ने विद्यार्थियों की कुलपति से मुलाकात कराने का आश्वासन दिया। इसके बाद विद्यार्थियों ने प्रदर्शन समाप्त कर दिया।

Next Story