Fatehabad: पीएचडी छात्रा से ऑनलाइन ठगी, पैसे ले गए धोखेबाज

फतेहाबाद: हरियाणा के फतेहाबाद में साइबर ठगों ने वर्क फ्रॉम होम का लालच देकर एक पीएचडी छात्रा से 2.26 लाख 996 रुपये ठग लिए। शिकायत पर साइबर थाना पुलिस ने सोमवार को धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस को दी शिकायत में वार्ड नं. 18 हरविन्द्र सिंह कालोनी फतेहाबाद निवासी महिमा ने कहा है कि वह फूड न्यूट्रिशन में पीएचडी कर रही है।
14 सितम्बर को उसके टेलीग्राम पर संदेश आया कि क्या उसने वर्क फ्रॉम होम करना है। इस पर उसने हां कर दी। इसके बाद उससे बेवसाइट पर उसका अकाउंट बनाने के लिए रुपये की मांग की। उसके बाद उस अकाउंट में फर्जी तौर पर बैलेंस दिखाते रहे। इसे निकलवाने के लिए ठगों ने उसे अपनी बातों में उलझा कर 15 सितम्बर से 17 सितम्बर तक अलग-अलग ट्रांजेक्शन के माध्यम से कुल 2 लाख 26 हजार 996 रुपये ले गए। शक होने पर उसने अपने तौर पर पता किया तो उसे अहसास हुआ कि उसके साथ टेलीग्राम के माध्यम से अज्ञात लोगों ने ठगी की है।
इस पर उसने इस बारे ऑनलाइन पोर्टल पर शिकायत दर्ज करवाई। इस मामले में अब साइबर थाना फतेहाबाद पुलिस ने अज्ञात ठगों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।





