हरियाणा

Fatehabad: युवा इनेलो ने जंतर-मंतर लाठीचार्ज के विरोध में किया प्रदर्शन

Admindelhi1
25 July 2026 9:39 AM IST
Fatehabad: युवा इनेलो ने जंतर-मंतर लाठीचार्ज के विरोध में किया प्रदर्शन
x
लाठीचार्ज के विरोध में युवा इनेलो का केंद्र सरकार पर हमला

फतेहाबाद: दिल्ली के जंतर-मंतर पर 20 जुलाई को शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर हुए लाठीचार्ज और अभद्रता के विरोध में शुक्रवार को फतेहाबाद में युवा इनेलो और आईएसओ ने जोरदार रोष प्रदर्शन किया। प्रदर्शन की अगुवाई पूर्व मुख्यमंत्री ओमप्रकाश चौटाला के दोहते कुनाल कर्ण सिंह और गौरव संपत ने की। प्रदर्शन में जिलेभर से पार्टी पदाधिकारी, कार्यकर्ता और छात्र शामिल हुए।

कार्यकर्ता पहले जाट धर्मशाला में एकत्रित हुए, जिसके बाद लघु सचिवालय पहुंचकर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के नाम डीसी डॉ. विवेक भारती को मांग-पत्र सौंपा।

ज्ञापन में जंतर-मंतर पर छात्रों पर बर्बरता करने वाले पुलिसकर्मियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की गई। इस मौके पर इनेलो नेता कुनाल कर्ण और गौरव संपत ने कड़े शब्दों में पुलिसिया कार्रवाई की निंदा करते हुए कहा कि केंद्र और दिल्ली सरकार युवाओं की आवाज को बलपूर्वक दबाने का प्रयास कर रही है, जिसे इनेलो कतई बर्दाश्त नहीं करेगी। नेताओं ने कहा कि अब यह छात्र आंदोलन आम जन की आवाज बन चुका है। दिल्ली ही नहीं बल्कि देश के हर शहर में छात्रो के समर्थन में लोग एकजुट हो रहे हैं। तानाशाही सरकार को छात्रों के आंदोलन के आगे झुकना होगा। प्रदर्शन के दौरान इनसो प्रदेशाध्यक्ष साहिलदीप कस्वां, जिलाध्यक्ष बिकर सिंह हड़ौली, प्रदेश प्रवक्ता विकास मेहता समेत कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Next Story