हरियाणा

Fatehabad: ड्रग इंस्पेक्टर से अभद्रता और धमकी, पुलिस ने दर्ज किया केस

Admindelhi1
13 Jun 2025 2:42 PM IST
Fatehabad: ड्रग इंस्पेक्टर से अभद्रता और धमकी, पुलिस ने दर्ज किया केस
x

फतेहाबाद: ड्रग इंस्पेक्टर काे गुरुवार की रात उनके आवास पर एक अज्ञात व्यक्ति ने जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। ड्रग इंस्पैक्टर की सूचना पर पुलिस और कई केमिस्ट मौके पर पहुंचे लेकिन उससे पहले ही वह व्यक्ति फरार हो गया। पुलिस ने शुक्रवार ड्रग इंस्पेक्टर की शिकायत पर केस दर्ज कर लिया है। पुलिस को दी शिकायत में फतेहाबाद के ड्रग इंस्पेक्टर दिनेश कुमार ने कहा है कि वह जीटी रोड पर पंचायत भवन के समीप लक्ष्मी फार्मेसी के ऊपर वाले रूम में रहता है। गत दिवस रात को करीब 10 बजे एक अज्ञात व्यक्ति उसके रूम का दरवाजा जोर-जोर से पीटने लगा। उक्त युवक चिल्ला-चिल्ला कर उनका नाम लेकर जान से मारने की धमकी दे रहा था। ड्रग इंस्पेक्टर ने बताया कि इसके बाद उन्होंने तुरंत शहर पुलिस और कई केमिस्ट को सूचना दी।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम और 10-11 कैमिस्ट भी मौके पर आ गए। यह पूरी घटना वहां लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। एक प्रत्यक्षदर्शी ने बताया कि ड्रग इंस्पेक्टर के कमरे का दरवाजा पीटने वाला युवक एक गाड़ी से थोड़ी दूरी पर उतरा था, जिसमें 4-5 अन्य लोग भी सवार थे। इस संबंध में ड्रग इंस्पेक्टर दिनेश कुमार ने आशंका जताई कि 7 मई को ड्रग बेचने सम्बंधित मामले में एक व्यक्ति को ड्रग्स एंड कॉस्मेटिक एक्ट 1947 के तहत गिरफ्तार किया था, जबकि दूसरा व्यक्ति अभी फरार है। हाे सकता है कि धमकी देने वाला व्यक्ति उनमें से एक या उनका कोई जानकार हो सकता है। इस मामले में शहर फतेहाबाद पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच कर रही है।

Next Story