फतेहाबाद: सर्व कर्मचारी संघ ने कोविड कर्मचारियों के समर्थन में किया रोष प्रदर्शन

हरयाणा न्यूज़: कोरोना काल के समय स्वास्थ्य विभाग में भर्ती किए गए आऊटसोर्स कर्मचारियों को हटाने के विरोध में एवं इन कर्मचारियों को विभाग में दोबारा समायोजित करने की मांग को लेकर सर्व कर्मचारी संघ के आह्वान पर आज विभिन्न विभागों के कर्मचारियों एवं जनसंगठनों के सदस्यों द्वारा फतेहाबाद में रोष प्रदर्शन किया गया। प्रदर्शन की अध्यक्षता कोविड बर्खास्त कर्मचारी एकता संघ से पूनम बिश्नोई ने की व संचालन सर्व कर्मचारी संघ के जिला सचिव सुरजीत दुसाद ने किया। मुख्य वक्ता के तौर पर सर्व कर्मचारी सिरसा के जिला सचिव राजेश भाखर ने भाग लिया। कर्मचारियों ने शहर के बाजारों में प्रदर्शन करते हुए सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शन से पूर्व नागरिक अस्पताल के बाहर आयोजित सभा को बिजली बोर्ड कर्मचारी यूनियन से यूनिट प्रधान अमित शर्मा, नगरपालिका व फायर बिग्रेड कर्मचारी यूनियन से सचिव सतबीर बिश्नोई, सकसं के ब्लाक प्रधान राजपाल मित्ताथल, अध्यापक संघ के जिला सचिव देशराज माचरा, हरपाल हुड्डा, सकसं के पूर्व जिला प्रधान एवं सीटू नेता बेगराज, कर्मचारी नेता इन्द्र सिंह घासी, रामनिवास शर्मा, मनोहर लाल, सीटू जिला प्रधान मदन सिंह ने भी संबोधित किया।
सभा को संबोधित करते हुए सकसं सिरसा के जिला सचिव राजेश भाखर ने कहा कि कोविड कर्मचारी अपनी सेवा बहाली की मांग को लेकर पिछले दो सप्ताह से आंदोलन कर रहे है। उनके द्वारा मंत्रियों, नेताओं व अधिकारियों के दर पर जाकर बार-बार ज्ञापन भी सौंपे जा चुके हैं लेकिन अभी तक इन्हें आश्वासन के सिवाय कुछ नहीं मिला है। उन्होंने कहा कि जरूरत के समय सरकार ने इन कर्मचारियों को भर्ती किया। उन्होंने मांग की कि सरकार कौशल विकास रोजगार निगम को भंग कर कोविड कर्मचारियों को बिना शर्त विभाग में समायोजित करे तथा भविष्य में सरकार पक्के रोजगार का प्रबन्ध कर स्थाई नियुक्ति दी जाए।





