हरियाणा

फरीदाबाद में किसानों का आक्रोश, पुलिस के साथ हुई धक्का-मुक्की

Admindelhi1
24 Oct 2026 8:26 AM IST
फरीदाबाद में किसानों का आक्रोश, पुलिस के साथ हुई धक्का-मुक्की
x
किसानों के प्रदर्शन के बीच एक्सप्रेसवे पर पुलिस से धक्का-मुक्की

फरीदाबाद: हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के शुक्रवार फरीदाबाद दौरे के दौरान बड़ौली और प्रह्लादपुर गांव के किसानों का आक्रोश एक बार फिर सडक़ पर उतर आया। दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे के नीचे उस वक्त माहौल बेहद तनावपूर्ण हो गया, जब भारतीय किसान यूनियन के प्रदेश अध्यक्ष धनसिंह कोतवाल, धरना अध्यक्ष वीरपाल गुर्जर और उनके समर्थक मुख्यमंत्री को काले झंडे दिखाने जा रहे थे।

विरोध प्रदर्शन को रोकने के लिए तैनात पुलिस और सीआईए के जवानों के साथ किसानों की तीखी झड़प और धक्का-मुक्की हुई, जिसके बाद पुलिस ने सख्ती बरतते हुए किसानों को वापस लौटाया। धरना अध्यक्ष वीरपाल गुर्जर ने बताया कि बड़ौली और प्रह्लादपुर गांव के किसानों का धरना पिछले 334 दिनों से लगातार जारी है। उनका कहना है कि करीब 16 वर्ष पहले उनकी जमीन का अधिग्रहण किया गया था, जिसके लिए मात्र 645 रूपये प्रति गज की दर से मुआवजा तय किया गया था। आज के समय में आसमान छूती बाजार दरों को देखते हुए किसान इस पुराने मुआवजे को पूरी तरह से खारिज कर रहे हैं। किसानों ने लैंड पूलिंग योजना के तहत समाधान की मांग करते हुए अधिग्रहित जमीन के बदले उचित जमीन उपलब्ध कराने की गुहार लगाई है। किसान नेताओं ने स्पष्ट किया कि अधिग्रहित जमीन पर उनके स्वामित्व वाले 500 से अधिक पुराने मकान बने हुए हैं। किसान इन मकानों को अधिग्रहण के दायरे से पूरी तरह बाहर रखने और जमीन पर उनका मालिकाना हक बरकरार रखने की मांग पर अड़े हुए हैं।

Next Story