Faridabad: एक्सप्रेस ट्रेन के आगे युवक को धकेला, गंभीर रूप से घायल

फरीदाबाद: बल्लभगढ़ रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर 4 पर शुक्रवार की दोपहर जन शताब्दी ट्रेन के आगे राजीव कॉलोनी के रहने वाले शकील ट्रेन की चपेट में आ गया। इस हादसे में युवक रेलवे ट्रेक पर गिर गया और पटरी के ऊपर हाथ होने की वजह से उसके हाथ की उंगली कट गई। परिजनों का आरोप है कि उसके दो दोस्तों ने जान से मारने की नियत से प्लेटफार्म पर ट्रेन आते ही धक्का दे दिया।
राजीव कॉलोनी निवासी शकील के परिजनों ने बताया कि वह दोपहर को एक बजे नहा कर खाना खाने के बाद घर से निकला था। उसके बाद परिजनों ने उसके फोन पर कई बार कॉल किया, लेकिन फोन नहीं लगा। उसके बाद चार बजे के करीब जीआरपी पुलिस ने उनको सूचना दी कि शकील ट्रेन की चपेट में आने से घायल हो गया है। उसको उपचार के लिए बीके अस्पताल में भर्ती करवाया है। जहां पर घायल शकील ने उनको बताया कि दो दोस्त उसको बल्लभगढ़ रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर चार पर ले गए थे।
आरोपी है कि जब जन शताब्दी ट्रेन रेलवे स्टेशन पर आई तो दोस्तों ने उनको ट्रेन के आगे धक्का दे दिया। जिससे वह रेलवे लाइन पर गिर गया और ट्रेन के नीचे फंस गया। इस दौरान उसका हाथ रेलवे ट्रैक के ऊपर था जिससे उसके हाथ की उंगली कट गई। उसके बाद दोनों दोस्त मौके से भाग गए। वहीं जीआरपी प्रभारी राजपाल का कहना है कि युवक ट्रेन पर चढ़ने की कोशिश कर रहा था। तभी एक डिब्बा गुजरने के बाद जब वह दूसरे डिब्बे पर चढ़ने लगा तो वह संतुलन बिगड़ गया और वह ट्रेन के नीचे गिर गया। अभी युवक की हालत ठीक है। उन्होंने कहा कि अगर परिजन शिकायत करते है तो वह सीसीटीवी कैमरों की जांच करके आगे की कार्रवाई करेंगे।





