हरियाणा

Faridabad: सड़क दुर्घटना में दो मित्रों की मौके पर मौत

Admindelhi1
25 Feb 2026 7:26 PM IST
Faridabad: सड़क दुर्घटना में दो मित्रों की मौके पर मौत
x

फरीदाबाद: गांव झाड़सेंतली के पास मंगलवार देर रात राष्ट्रीय राजमार्ग पर हुए एक दर्दनाक सडक़ हादसे में मोटरसाइकिल सवार दो युवकों की मौत हो गई। दोनों बचपन के दोस्त थे। प्राथमिक जानकारी के अनुसार किसी अज्ञात तेज रफ्तार ट्रक ने पीछे से उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों युवक सडक़ पर गिर पड़े और गंभीर रूप से घायल हो गए। राहगीरों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक दोनों की मौत हो चुकी थी। दोनों युवकों ने हेलमेट पहना हुआ था।

मृतकों की पहचान नजफगढ़ की प्रेम नगर कॉलोनी निवासी 25 वर्षीय शगुन और निशांत के रूप में हुई है। निशांत मूल रूप से अलीगढ़ के बिलोना गांव का रहने वाला था, लेकिन वह बचपन से ही नजफगढ़ में अपने मामा नवीन के पास रह रहा था। नवीन ने बुधवार काे बताया कि वह एक प्रॉपर्टी डीलर की कार चलाने का काम करता था, वहीं शगुन ने हाल ही में ग्रेजुएशन पूरी की थी। दोनों बचपन के घनिष्ठ मित्र थे। परिजनों के अनुसार मंगलवार रात निशांत अलीगढ़ जाने के लिए निकला था और अपने दोस्त शगुन को भी साथ ले गया।

जब दोनों हाईवे से होकर गुजर रहे थे, तभी गांव झाड़सेंतली के पास यह हादसा हो गया। निशांत के छोटे भाई मोहित ने बताया कि रात को भाई का फोन आया था। उसने मां से कहा था कि खाना तैयार रखों, दोस्त के साथ घर पहुंच रहा है। कुछ देर बाद हादसे की सूचना मिल गई। निशांत की शादी एक साल पहले ही हुई थी और दो फरवरी को उसने अपनी पहली मैरिज एनिवर्सरी मनाई थी। उसके पिता खेती-बाड़ी करते हैं, जबकि छोटा भाई मोहित प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहा है।

शगुन अपने परिवार का इकलौता बेटा था और उसकी एक छोटी बहन है। सेक्टर-58 थाना पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और फरार वाहन चालक की तलाश में जुटी है। हादसे के बाद दोनों परिवारों में मातम पसरा हुआ है।

Next Story