Faridabad: कानून की पढ़ाई के साथ चोरी, एलएलबी छात्र वाहन चोरी में गिरफ्तार

फरीदाबाद: ऑनलाइन बुकिंग कर कैब चोरी करने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी एलएलबी की पढ़ाई कर रहा है, साथ ही गुरुग्राम और फरीदाबाद में नौकरी की तलाश कर रहा था। आरोपी की पहचान पौशिक (20) निवासी महेशपुरी, हापुड़ तहसील के रूप में हुई है।
पुलिस चौकी सेक्टर-3 में शत्रुघ्न झा निवासी अटेर जिला मधुबनी बिहार हाल संजय कॉलोनी ने शिकायत दी कि 21 फरवरी को कोई व्यक्ति रैपिडो के माध्यम से उनकी कार को मैट्रो स्टेशन गुरुग्राम से बुक करके बल्लभगढ़ फरीदाबाद लाया था। उस व्यक्ति को लेकर तिगांव रोड पर पहुंचा तो उसने गाड़ी की बुकिंग के रुपये और कुछ अतिरिक्त पैसे देकर पानी की बोतल लाने को कहा। जब वह पानी लेकर वापस आया तो देखा कि वह गाड़ी को लेकर वहां से भाग गया था।
पुलिस प्रवक्ता ने जानकारी देते हुए बताया कि पुलिस चौकी सेक्टर-3 की टीम ने मामले में कार्रवाई करते हुए तकनीकी सहायता व गुप्त सूत्रों से आरोपी पौशिक को गिरफ्तार किया है। पूछताछ में सामने आया कि आरोपी काम की तलाश में गुरुग्राम आया था। 21 फरवरी को दिन के समय गुरुग्राम से बल्लभगढ़ जाने के लिए उसने रैपिडो के माध्यम से कार बुक की थी। रास्ते में उसने ड्राइवर को शराब पिलाई और बल्लभगढ़ पहुंचने के उपरांत ड्राइवर को सामान लेने के लिए दुकान पर भेज दिया। वह गाड़ी को वहां से लेकर भाग गया। इसके बाद उसने गाड़ी को किसी को बेच दिया। आरोपी से 30 हजार रुपये बरामद किए गए हैं। आरोपी एलएलबी कर रहा है और गुरुग्राम व फरीदाबाद में नौकरी की तलाश में घूम रहा था। पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश कर जेल भेजा दिया है।





