हरियाणा

Faridabad: 14 स्वास्थ्य केंद्रों पर टेली-ईसीजी, मोबाइल पर मिलेगी रिपोर्ट

Admindelhi1
13 Sept 2026 5:19 PM IST
Faridabad: 14 स्वास्थ्य केंद्रों पर टेली-ईसीजी, मोबाइल पर मिलेगी रिपोर्ट
x
स्वास्थ्य केंद्रों पर टेली-ईसीजी से मरीजों को मिलेगी सुविधा

फरीदाबाद: जिले के ग्रामीण इलाकों में रहने वाले मरीजों के लिए हृदय संबंधी जांच अब आसान हो गई है। स्वास्थ्य विभाग ने जिले के 14 स्वास्थ्य केंद्रों पर टेली ईसीजी की सुविधा शुरू की है। अब मरीजों को सामान्य ईसीजी कराने के लिए हर बार बीके अस्पताल या बड़े स्वास्थ्य संस्थानों तक जाने की जरूरत नहीं होगी। स्वास्थ्य केंद्र पर ही ईसीजी होने के बाद इसकी रिपोर्ट विशेषज्ञ हृदय रोग चिकित्सकों से प्राप्त की जा सकेगी। टेली ईसीजी के तहत स्वास्थ्य केंद्रों पर टैब आधारित मशीन से मरीज की ईसीजी की जाती है। जांच के बाद ईसीजी की डिजिटल इमेज और मरीज से जुड़ा डेटा ऑनलाइन देहरादून स्थित एआई कमांड सेंटर भेजा जाता है। यहां विशेषज्ञ चिकित्सक रिपोर्ट का अध्ययन कर ईसीजी रिपोर्ट तैयार करते हैं। तैयार रिपोर्ट वापस संबंधित स्वास्थ्य केंद्र को भेजी जाती है। विशेषज्ञों से प्राप्त रिपोर्ट के बाद स्वास्थ्य केंद्र पर मौजूद डॉक्टर मरीज की स्थिति के अनुसार आगे की सलाह देते हैं।

इससे हृदय की धडक़न में गड़बड़ी या अन्य समस्या की शुरुआती जानकारी स्थानीय स्तर पर ही मिल सकेगी। जरूरत पडऩे पर मरीज को आगे की जांच या उपचार के लिए बड़े अस्पताल में रेफर किया जा सकेगा। इस सुविधा में मरीज की जांच का रिकॉर्ड ऑनलाइन सुरक्षित रहता है। मरीज की मांग पर ईसीजी की डिजिटल तस्वीर और रिपोर्ट उसके मोबाइल नंबर पर भी भेजी जा सकती है। इससे मरीज भविष्य में अपनी रिपोर्ट दूसरे डॉक्टर को दिखाने के लिए भी सुरक्षित रख सकेगा। पुरानी जांच का रिकॉर्ड भी जरूरत के समय काम आ सकेगा। जिले में बीके अस्पताल की इमरजेंसी के अलावा सीएचसी कौराली, तिगांव, खेड़ीकलां और पाली में सुविधा शुरू की गई है। पीएचसी छांयसा, दयालपुर, धौज, मोहना, पल्ला और अनंगपुर को भी टेली ईसीजी से जोड़ा गया है। इसके अलावा एफआरयू-1 सेक्टर-30, एफआरयू-2 सेक्टर-3 और सामान्य अस्पताल बल्लभगढ़ में भी मरीजों को यह सुविधा मिल रही है।

स्वास्थ्य विभाग के सीएमओ डॉ जयंत आहूजा ने बताया कि ग्रामीण क्षेत्र के मरीजों को स्थानीय स्तर पर हृदय की जांच की सुविधा देने के लिए टेली ईसीजी शुरू की गई है। इससे ईसीजी के लिए बीके अस्पताल पर निर्भरता कम होगी। जांच की रिपोर्ट विशेषज्ञ हृदय रोग चिकित्सकों से प्राप्त होती है और मरीज का रिकॉर्ड ऑनलाइन सुरक्षित रहता है।

Next Story