Faridabad: सफाई कर्मचारियों ने निकाला मशाल जुलूस, सरकार के खिलाफ जताया रोष

फरीदाबाद: अपनी मांगों को लेकर सोमवार देर शाम फरीदाबाद में सफाई कर्मचारियों ने हाथों में मशाल लेकर जुलूस निकाला और सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया। कर्मचारियों ने सिविल अस्पताल स्थित माता गुजरी चौक से मशाल जुलूस शुरू किया। इसके बाद जुलूस तेग बहादुर चौक से होते हुए एनआईटी नंबर-1 क्षेत्र तक पहुंचा। इस दौरान सफाई कर्मचारियों ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए अपनी मांगों को जल्द पूरा करने की मांग की। प्रदर्शन में सफाई कर्मचारी नेता बालवीर प्रधान, अनूप चंडालिया समेत कई कर्मचारी नेता और कर्मचारी मौजूद रहे। कर्मचारियों का कहना है कि सरकार की ओर से कई बार उन्हें बातचीत के लिए चंडीगढ़ बुलाया जाता है, लेकिन उनकी मुख्य समस्याओं पर मुख्यमंत्री या सरकार के बड़े जिम्मेदार मंत्रियों की ओर से सीधे बातचीत नहीं की जाती।
कर्मचारी नेताओं ने कहा कि हर बैठक में कृष्ण बेदी को सरकार के प्रतिनिधि के तौर पर भेज दिया जाता है। उनका आरोप है कि कृष्ण बेदी के साथ बातचीत करने से उनकी समस्याओं का समाधान नहीं हो पा रहा है। कर्मचारियों की मांग है कि मुख्यमंत्री खुद उनके प्रतिनिधियों के साथ बैठक करें और उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुनें। सफाई कर्मचारी नेताओं का कहना है कि उन्हें बार-बार आश्वासन दिया जाता है कि मुख्यमंत्री कर्मचारियों से बातचीत करेंगे, लेकिन बैठक के दौरान मुख्यमंत्री के शामिल नहीं होने से कर्मचारी नाराज हैं। उनका कहना है कि जब तक सरकार के जिम्मेदार बड़े नेता कर्मचारियों के साथ एक टेबल पर बैठकर बातचीत नहीं करते, तब तक आंदोलन खत्म करने का सवाल ही नहीं है।
नेताओं ने कहा कि सरकार यदि यह सोच रही है कि छोटे स्तर के नेताओं के माध्यम से बातचीत कर कर्मचारियों को हड़ताल खत्म करने के लिए तैयार कर लिया जाएगा, तो ऐसा नहीं होगा। कर्मचारी अपनी मांगों को लेकर एकजुट हैं और जब तक उनकी मांगों पर ठोस निर्णय नहीं लिया जाता, आंदोलन जारी रहेगा।





