हरियाणा

Faridabad: बारिश से पुराना खेड़ी पुल धंसा, वैकल्पिक मार्ग अपनाने की सलाह

Admindelhi1
9 July 2026 6:29 PM IST
Faridabad: बारिश से पुराना खेड़ी पुल धंसा, वैकल्पिक मार्ग अपनाने की सलाह
x

फरीदाबाद: फरीदाबाद में लगातार दो दिनों से हो रही बारिश ने जन जीवन पूरी तरह से अस्त-व्यस्त कर दिया है। सडक़ों पर जहां जलभराव की स्थिति बन गई है वहीं कई जगहों पर सडक़ें टूटने व धंसने भी लगी है। इसी कड़ी में बारिश के चलते पुराना खेड़ी पुल धंस गया। पुल का एक हिस्सा धंसने से वहां बड़ा गड्ढा बन गया है, जिसके बाद सुरक्षा के मद्देनजर इस मार्ग पर वाहनों और लोगों की आवाजाही पूरी तरह बंद कर दी गई है। लगातार बारिश के कारण पुल की सतह धंस गई, जिससे बीच सडक़ पर बड़ा गड्ढा बन गया। मौके की तस्वीरों में पुल का क्षतिग्रस्त हिस्सा साफ दिखाई दे रहा है।

हादसे से बचाव के लिए प्रभावित हिस्से के आसपास बैरिकेडिंग कर रास्ता बंद कर दिया गया है। पुल के क्षतिग्रस्त होने के बाद प्रशासन ने एहतियात के तौर पर इस मार्ग से आवागमन बंद कर दिया है। इससे इस रास्ते का उपयोग करने वाले लोगों को फिलहाल दूसरे मार्गों का सहारा लेना पड़ रहा है। उधर लगातार बारिश के कारण एनआईटी के नंगला एंक्लेव में भी सडक़ पर बड़ा गड्ढा बन गया। गुरुवार सुबह इस रास्ते से गुजर रहे दो किशोरों की बाइक का अगला पहिया गड्ढे में समा गया, जिससे दोनों हादसे का शिकार हो गए। घटना के बाद आसपास के लोगों ने उन्हें संभाला। यह हादसा बारिश के बाद सडक़ों की बदहाल स्थिति और बड़े गड्ढों से बढ़ रहे खतरे को उजागर करता है। गौरतलब है कि लगातार हो रही बरसात ने लोगों का जीना दुश्वार कर दिया है, आज सुबह शुरु हुई बरसात दोपहर तक जारी रही, जिसके चलते जन जीवन पूरी तरह से अस्त-व्यस्त हो गया।

Next Story