हरियाणा

Faridabad: कारोबारी इलाके में अजगर की एंट्री, रेस्क्यू टीम ने संभाला मोर्चा

Admindelhi1
11 July 2026 4:18 PM IST
Faridabad: कारोबारी इलाके में अजगर की एंट्री, रेस्क्यू टीम ने संभाला मोर्चा
x
फरीदाबाद के बिजनेस हब में अजगर मिलने से हड़कंप

फरीदाबाद: ग्रेटर फरीदाबाद के सेक्टर-81 स्थित पुरी बिजनेस हब में शनिवार को एक विशाल अजगर दिखाई देने से इलाके में हडक़ंप मच गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार करीब 10 फुट लंबा अजगर इमारत की बाहरी दीवार पर रेंगता नजर आया। अचानक सामने आए दृश्य को देखकर वहां मौजूद लोग घबरा गए और कुछ ही देर में मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। आज सुबह लोगों की नजर दीवार पर चढ़े अजगर पर पड़ी। कई लोगों ने अपने मोबाइल फोन से उसका वीडियो बना लिया, जो बाद में सोशल मीडिया पर भी वायरल होने लगा। कुछ देर तक दीवार पर रहने के बाद अजगर नीचे उतरा और पास की झाडिय़ों में चला गया। वन विभाग की टीम के पहुंचने से पहले ही वह आंखों से गायब हो चुका था। स्थानीय लोगों का कहना है कि सेक्टर-81 और आसपास के इलाकों में बारिश के मौसम में पहले भी अजगर और अन्य सांप दिखाई दे चुके हैं।

आसपास खाली प्लॉट, हरियाली और झाडिय़ां होने के कारण जंगली जीव कई बार रिहायशी क्षेत्रों तक पहुंच जाते हैं। घटना के बाद लोगों में सतर्कता बढ़ गई है। वन्य जीव विभाग के निरीक्षक हंसराज ने बताया कि मानसून के दौरान बढ़ी नमी और उमस के कारण अजगर अपने प्राकृतिक आवास से बाहर निकल आते हैं। कई बार भोजन या सुरक्षित स्थान की तलाश में वे आबादी वाले क्षेत्रों तक पहुंच जाते हैं। उन्होंने लोगों से अपील की कि यदि कहीं अजगर या कोई अन्य वन्य जीव दिखाई दे, तो उसे पकडऩे या भगाने का प्रयास न करें। तुरंत वन्य जीव विभाग को सूचना दें, ताकि प्रशिक्षित रेस्क्यू टीम सुरक्षित तरीके से उसे पकडक़र जंगल में छोड़ सके।

Next Story