Faridabad: सरकारी स्कूलों में जलभराव से स्थायी निजात की तैयारी

फरीदाबाद: जिले के कई सरकारी स्कूलों में हर साल मानसून के दौरान मैदानों और कक्षाओं में पानी भर जाता है, जिससे स्कूलों को बंद करना तक पड़ता है। स्कूल में कई जगहों पर जलभराव से मच्छरों का प्रकोप और बिजली के तारों के कारण दुर्घटनाओं की आशंका भी बनी रहती है। अब शिक्षा विभाग ने इस समस्या से स्थायी समाधान की ओर कदम बढ़ाया है।
इस बार शिक्षा विभाग ने पहले से तैयारी शुरू कर दी है। जिले के सभी सरकारी स्कूलों से उनकी वर्षा जल संचयन प्रणाली की स्थिति की जानकारी मांगी गई है। जिन स्कूलों में यह प्रणाली खराब है या है ही नहीं, वहां इसे सुधारने या नया सिस्टम लगाने के लिए विभाग बजट जारी करेगा।
एनआईटी, बल्लभगढ़, इस्माइलपुर, सारन, मुजेसर, इंदिरा कॉलोनी जैसे क्षेत्रों के कई स्कूल जलभराव से सबसे अधिक प्रभावित होते हैं। विभाग का कहना है कि अगले 20 दिनों के भीतर मरम्मत और सफाई का काम पूरा कर लिया जाएगा। इसके तहत स्कूलों की छतों और नालियों की सफाई भी कराई जा रही है, ताकि पानी जमा न हो।
हमारा उद्देश्य सिर्फ जलभराव रोकना नहीं, बल्कि बारिश के पानी को संरक्षित करना भी है। इससे भूजल स्तर सुधारने में मदद मिलेगी और बच्चों की पढ़ाई भी बाधित नहीं होगी। इस पहल से न सिर्फ स्कूलों में साफ-सुथरा वातावरण बनेगा, बल्कि छात्रों और स्टाफ को भी सुरक्षित और बेहतर माहौल। - महेंद्र सिंह, खंड शिक्षा अधिकारी





