हरियाणा

Faridabad: पुलिस अलर्ट मोड में, छात्र आंदोलन के बीच वाहनों की सघन जांच

Admindelhi1
25 July 2026 9:31 AM IST
Faridabad: पुलिस अलर्ट मोड में, छात्र आंदोलन के बीच वाहनों की सघन जांच
x
"आंदोलन को लेकर पुलिस चौकस, शहरभर में वाहन चेकिंग"

फरीदाबाद: दिल्ली में जारी कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के प्रदर्शन के मद्देनजऱ फरीदाबाद पुलिस ने राजधानी से लगने वाली सभी सीमाओं पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। किसी भी तरह की अप्रिय घटना और कानून-व्यवस्था की स्थिति से निपटने के लिए बदरपुर बॉर्डर सहित सभी प्रमुख एंट्री प्वाइंट्स पर पुलिस ने 24 घंटे के लिए विशेष नाकाबंदी की गई है।

शुक्रवार को दिल्ली की ओर जाने वाले हर छोटे-बड़े वाहन की सघन जांच की जा रही है, जबकि संदिग्ध गतिविधियों पर भी पैनी नजर रखी जा रही है। बदरपुर बॉर्डर पर तैनात पुलिसकर्मी वाहनों को रोक कर उनकी डिग्गी, केबिन और अन्य हिस्सों की तलाशी ले रहे हैं। दोपहिया वाहनों से लेकर कार, टैक्सी, बस और मालवाहक वाहनों तक की जांच की जा रही है। पुलिस का मकसद यह सुनिश्चित करना है कि कोई भी संदिग्ध व्यक्ति या आपत्तिजनक सामान दिल्ली की ओर न ले जाया जा सके और आंदोलन की आड़ में कोई असामाजिक तत्व माहौल खराब न कर सके। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, डीएनडी-केएमपी एक्सप्रेसवे स्थित दुर्गा बिल्डर एमसीडी टोल, सराय ख्वाजा टोल, डॉ. कर्णी सिंह शूटिंग रेंज के पास, सूरजकुंड-प्रह्लादपुर मार्ग, इस्माइलपुर-जैतपुर मार्ग और बसंतपुर पुस्ता रोड सहित दिल्ली से जुड़े प्रमुख प्रवेश मार्गों पर पुलिस ने नाके लगाकर वाहनों की जांच की गई। पुलिस एसएसआई संजय कुमार ने बताया कि जरूरत पडऩे पर अतिरिक्त पुलिस बल भी तैनात किया जा सकता है। बॉर्डर पर सीसीटीवी कैमरों और पुलिस टीमों के माध्यम से लगातार निगरानी रखी जा रही है। हालांकि, सुरक्षा जांच के कारण कुछ स्थानों पर वाहनों की रफ्तार धीमी जरूर हुई, लेकिन यातायात को सुचारु बनाए रखने के लिए पुलिसकर्मी लगातार ट्रैफिक का संचालन भी करते रहे।

Next Story