Faridabad: शहर में छह नई जगहों पर नागरिक सुविधा केंद्र की योजना

फरीदाबाद: डिजिटल इंडिया को जमीनी स्तर पर लागू करने के लिए नगर निगम की ओर से वार्ड स्तर पर नागरिक सुविधा केंद्र (सीएफसी) बनाए जाएंगे। योजना के तहत स्मार्ट सिटी में छह जगहों पर 75 लाख रुपये की लागत से सीएफसी बनाए जाएंगे। इस केंद्रों पर आधार कार्ड, परिवार पहचान पत्र, जन्म प्रमाणपत्र, प्रॉपर्टी टैक्स, सीवर-पानी टैक्स, एनओसी, नक्शा, बीपीएल कार्ड, निवास प्रमाण व पेंशन पत्र समेत अन्य प्रकार की सेवाएं लोगों को दी जाएंगी। इसको लेकर नगर निगम की ओर से निविदा जारी कर दी है।
इन जगहों पर बनेंगे सीएफसी: नगर निगम की ओर से वार्ड संख्या 23 में सूर्य नगर, सेहतपुर के सामुदायिक केंद्र, वार्ड संख्या 27 में वाटर वर्क्स, सेक्टर-29 सामुदायिक केंद्र, वार्ड संख्या 26 में एतमदपुर सामुदायिक केंद्र और बीएसएनएल एक्सचेंज के पास पार्क में नागरिक सुविधा केंद्र बनाए जाएंगे। यहां आईटी संसाधन और कर्मचारी नगर निगम उपलब्ध कराएगा। इन सेंटरों पर सूचना केंद्र, वेटिंग रूम, आरामदायक सीटिंग अरेंजमेंट, एसी, शौचालय समेत अन्य सुविधा होगी।





