Faridabad: ईएसआईसी मेडिकल कॉलेज में मरीजों को अब दवा लेने में किसी प्रकार की परेशानी नहीं होगी

फरीदाबाद; एनआईटी तीन नंबर स्थित ईएसआईसी मेडिकल कॉलेज व अस्पताल में मरीजों को अब दवा लेने में किसी प्रकार की परेशानी नहीं होगी। अस्पताल प्रशासन की ओर से महिलाओं, पुरुषों के साथ-साथ दिव्यांगों के लिए अलग से काउंटर बना दिए गए हैं। साथ ही टोकन सिस्टम भी अलग-अलग कर दिया गया है।
ईएसआईसी मेडिकल कॉलेज व अस्पताल में रोजाना करीब 3000 से अधिक मरीज उपचार करवाने के लिए आते हैं। मरीजों को दवा लेने में काफी परेशानी होती है। जिसके चलते अस्पताल प्रशासन की ओर से कुछ समय पहले पांच नए काउंटर को खोले गए थे। उसके बावजूद दवा लेने में मरीजों को परेशानी हो रही थी। उसी को ध्यान में रखते हुए अब महिला, पुरुष, बुजुर्ग व विकलांग के लिए अलग-अलग काउंटर बना दिए गए हैं। अब किसी भी प्रकार के मरीजों को दवा लेने में कोई परेशानी नहीं होगी। क्योंकि सभी को दवा टोकन के जरिए मिलती है।
डीन डॉक्टर एके पांडे ने बताया कि ओपीडी में जहां पर अभी नए पांच काउंटर खोले गए हैं, उनमें से एक काउंटर बुजुर्गों के लिए बनाया गया है। वहीं दूसरा काउंटर दिव्यांगों के लिए बनाया गया है। जहां पर मरीज बिना लाइन में लगे ही आसानी से दवा ले सकते हैं। इसके अलावा इस जगह पर एक काउंटर वह भी है जहां पर लोग घर बैठे अपनी दवा को मंगा सकते हैं। जोकि अस्पताल के 5 किलोमीटर के दायरे में भेजी जाती है। यह सुविधा 60 साल से ऊपर के मरीजों के लिए शुरू की गई थी।





