Faridabad: प्रकृति संरक्षण में बिरसा मुंडा की भूमिका पर पंवार का जोर

फरीदाबाद: हरियाणा के पंचायत एवं विकास, खनन एवं भूविज्ञान मंत्री कृष्ण लाल पंवार ने कहा कि प्रकृति रक्षक भगवान बिरसा मुंडा ने आदिवासी समाज के साथ-साथ जनमानस को जल, जंगल और जमीन को बचाने के लिए जागृत करने का काम किया। उन्होंने छोटी सी उम्र से ही समाज में चेतना लाने के लिए कार्य किए। हमें भगवान बिरसा मुंडा के दिखाए रास्ते पर चलते हुए अपनी प्राचीन संस्कृति और विरासत को बचाने में योगदान देना चाहिए।
कैबिनेट मंत्री कृष्ण लाल पंवार ने भगवान बिरसा मुंडा की जयंती एवं जनजातिय गौरव दिवस पर फरीदाबाद के सेक्टर-12 स्थित कनवेंशन सेंटर में आयोजित कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शिकरत की।इस अवसर पर बल्लभगढ़ से विधायक एवं पूर्व मंत्री मूलचंद शर्मा भी विशेष रूप से मौजूद रहे। मंत्री कृष्ण लाल पंवार ने भगवान बिरसा मुंडा के चित्र पर पुष्प अर्पित कर नमन किया। वहीं फरीदाबाद में स्थापित वनवासी कल्याण आश्रम के लिए 11 लाख रुपये देने की घोषणा भी की।
कार्यक्रम के दौरान वनवासी कल्याण आश्रम के विद्यार्थियों ने वनवासी वीरों की गाथा... सुनाकर उनके बलिदान और संघर्ष से रूबरू करवाया। पंचायत एवं विकास मंत्री कृष्ण लाल पंवार ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा एक महान योद्धा होने के साथ-साथ समाज सुधारक भी थे। विधायक मूलचंद शर्मा ने कहा कि अनेक यातनाएं झेली, लेकिन प्राणी मात्र के लिए अपने प्राण न्यौछावर किए। अनेक वीर महान योद्धाओं ने देश के लिए अपने प्राण न्यौछावर कर दिए। युवाओं को उन योद्धाओं के जीवन संघर्ष से परिचित होना चाहिए। हमें अपने इतिहास की जानकारी होनी चाहिए। उन्होंने भगवान बिरसा मुंडा के दिखाए मार्ग पर चलने का आह्वान भी किया।
उन्होंने कहा कि हमें पर्यावरण संरक्षण के लिए अधिक से अधिक पौधे लगाने होंगे और प्रकृति के दोहन को रोकना होगा। इस अवसर पर भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष डॉ. सतीश नांदल, भाजपा जिला अध्यक्ष सोहन पाल सिंह, फरीदाबाद मेयर परवीन जोशी, एसडीएम मंयक भारद्वाज, राष्ट्रीय परिषद के सदस्य संदीप जोशी, जिला परिषद के चेयरमैन विजय लोहिया, वनवासी कल्याण आश्रम के महामंत्री सुरेंद्र शर्मा, डा. कुनाल, महामंत्री प्रवीन चौधरी आदि मौजूद रहे।





