Faridabad: ऑनलाइन ठगी करने वाले गिरोह का भंडाफोड़, 9 गिरफ्तार

फरीदाबाद: साइबर ठगी के मामलों की जांच करते हुए पुलिस टीम ने 6 मामलों में 9 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। साइबर क्राइम थाना सेंट्रल और बल्लभगढ़ की टीमों ने ये कार्रवाई की है। शेयर बाजार में निवेश का झांसा देकर, क्रेडिट कार्ड के पॉइंट रिडीम समेत अन्य बहानों से ठगी के मामलों में ये कार्रवाई हुई है।
पुलिस प्रवक्ता यशपाल सिंह ने बताया कि आरोपियों को रिमांड पर लेकर टीमें पूछताछ कर रही हैं। पहले मामले में साइबर क्राइम थाना सेंट्रल की टीम ने शेयर बाजार में निवेश का झांसा देकर 39.61 लाख रुपये की ठगी के मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की पहचान गुजरात, सूरत निवासी डेरा विजय भाई, हरदीप भगवान भाई और केतन भाई के तौर पर हुई। आरोपी डेरा विजय भाई खाताधारक है और इसने अपना खाता सुरानी हरदीप भगवान भाई को बेचा था। उससे ये खाता केतन भाई ने खरीदा। तीनों आरोपी सूरत की निजी कंपनी में बतौर मजदूर काम करते हैं। इस खाते में ठगी के 9 लाख रुपये आए थे। आरोपियों को 4 दिन के रिमांड पर लेकर टीम पूछताछ कर रही है।
दूसरे मामले में साइबर क्राइम थाना सेंट्रल की टीम ने शेयर बाजार में निवेश का झांसा देकर 16.04 लाख रुपये की ठगी के मामले में पंजाब लुधियाना निवासी तेजवंत सिंह को गिरफ्तार किया है। आरोपी के खाते में ठगी के 5 लाख रुपये पहुंचे थे। ये 12वीं पास है और एक निजी कंपनी में बतौर चालक नौकरी करता है। इसने अपना बैंक खाता साइबर ठगों को बेचा था। आरोपी को 3 दिन के रिमांड पर लेकर टीम पूछताछ कर रही है।
तीसरे मामले में साइबर क्राइम थाना सेंट्रल की टीम ने शेयर बाजार में निवेश पर मुनाफे का झांसा देकर 7.25 लाख रुपये की ठगी के मामले में राजस्थान झालावाड़ निवासी पीरू (20) को गिरफ्तार किया है। आरोपी ने अपना खाता रुपयों के लालच में विजेंद्र व तालूराम को बेचा था। आरोपी पीरू 5वीं पास है और मजदूरी करता है। इसके खाते में ठगी के 5 लाख रुपये आए थे। आरोपी को अदालत में पेशकर जेल भेज दिया गया है। इस मामले में पुलिस टीम अब तक विजेंद्र, तालूराम और भवानी शंकर को गिरफ्तार कर चुकी है।
चौथे मामले में साइबर क्राइम थाना बल्लभगढ़ की टीम ने क्रेडिट कार्ड के पाइंट रिडीम का झांसा देकर 1.10 लाख रुपये की ठगी के मामले में दिल्ली के आजाद नगर निवासी अश्वनी को गिरफ्तार किया है। आरोपी मोबाइल खरीदने व बेचने का काम करता है। साइबर अपराधियों ने ठगी के दौरान क्रेडिट कार्ड से आॅनलाइन मोबाइल खरीदे थे। उनसे मोबाइल खरीदकर अश्वनी आगे शाकिब व अन्य को बेचता था। शाकिब इस मामले में पहले से ही दो दिन के रिमांड पर था। अश्वनी व शाकिब को अदालत में पेश कर पुलिस ने जेल भेजा है। मामले में अब तक तीन आरोपी गिरफ्तार किए जा चुके हैं।
पांचवें मामले में साइबर क्राइम थाना बल्लभगढ़ की टीम ने क्रेडिट कार्ड से प्रोटेक्शन सर्विस हटाने के बहाने 45 हजार रुपये की ठगी मामले में दिल्ली के विष्णु गार्डन एरिया से फुरकान हुसैन व कफिल अहमद को गिरफ्तार किया है। पूछताछ में पता चला कि दोनों आरोपी दोस्त हैं। फुरकान हुसैन ठगी के लिए कॉल करता है और कफिल अहमद लिंक के जरिए क्रेडिट कार्ड का एक्सेस लेकर आॅनलाइन शापिंग करता है। फुरकान हुसैन 10वीं पास है वहीं कफिल अहमद 12वीं पास है। छठे मामले में साइबर क्राइम थाना बल्लभगढ़ की टीम ने क्रेडिट कार्ड रि-एक्टीवेट करने के नाम पर 1.43 लाख रुपये की ठगी के मामले में पल्ला निवासी प्रदीप कुमार को गिरफ्तार किया है।





