हरियाणा

Faridabad: राखी के पर्व पर बहन ने दिया जीवन का सबसे बड़ा उपहार, भाई को दान की किडनी

Admindelhi1
27 Aug 2026 6:33 PM IST
Faridabad: राखी के पर्व पर बहन ने दिया जीवन का सबसे बड़ा उपहार, भाई को दान की किडनी
x
भाई की जिंदगी बचाने के लिए बहन ने दिया किडनी दान, रक्षाबंधन बना यादगार

फरीदाबाद: रक्षा बंधन के मौके पर भाई-बहन के रिश्ते की एक भावुक मिसाल सामने आई है। 47 वर्षीय रेखा मिश्रा ने अपने 40 वर्षीय भाई विनय पांडेय को किडनी दान कर उन्हें जिंदगी की नई उम्मीद दी। विनय किडनी की बीमारी से जूझ रहे थे। चिकित्सकीय जांच के बाद किडनी ट्रांसप्लांट की जरूरत सामने आई तो बहन रेखा ने अपनी किडनी दान करने का फैसला लिया। एकॉर्ड अस्पताल में चिकित्सकों की निगरानी में किडनी ट्रांसप्लांट की प्रक्रिया पूरी की गई। आवश्यक जांच और चिकित्सकीय औपचारिकताओं के बाद रेखा को किडनी दान के लिए उपयुक्त पाया गया।

भाई को स्वस्थ जीवन देने के लिए बहन का यह निर्णय रक्षा बंधन के पर्व पर भाई-बहन के रिश्ते की गहराई को दर्शाता है। अस्पताल के नेफ्रोलॉजी विभाग के चेयरमैन डॉ. जितेंद्र कुमार ने कहा कि अंगदान किसी जरूरतमंद मरीज के लिए जीवन का दूसरा अवसर हो सकता है। रेखा मिश्रा का अपने भाई के लिए किडनी दान करने का निर्णय सराहनीय है। ऐसे मामलों से समाज में अंगदान के प्रति जागरूकता बढ़ती है।

किडनी ट्रांसप्लांट के बाद मरीज और डोनर दोनों की नियमित चिकित्सकीय निगरानी बेहद जरूरी होती है। रक्षा बंधन पर बहन ने राखी के साथ अपने भाई को जीवन का अनमोल उपहार दिया। यह मामला अंगदान की महत्ता और परिवार के सदस्यों के बीच आपसी सहयोग की प्रेरक मिसाल बन गया है।

Next Story