हरियाणा

Faridabad: NIA की जांच तेज, अनमोल के पासपोर्ट में फरीदाबाद एड्रेस

Admindelhi1
21 Nov 2025 10:45 AM IST
Faridabad: NIA की जांच तेज, अनमोल के पासपोर्ट में फरीदाबाद एड्रेस
x

फरीदाबाद: महाराष्ट्र में एनसीपी नेता बाबा सिद्दीकी हत्याकांड के मुख्य साज़िशकर्ता और गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई के भाई अनमोल बिश्नोई के खिलाफ जांच में बड़ा खुलासा हुआ है। एनआईए को उससे बरामद फर्जी पासपोर्ट में फरीदाबाद के एयुरीक सिटी होम्स, टावर नंबर 4 के फ्लैट नंबर 107 का पता दर्ज मिला है। पासपोर्ट भानूप्रताप के नाम से बनाया गया था। इस खुलासे के बाद गुरुवार काे तिगांव निवासी फ्लैट मालिक सुंदर नागर सामने आए और उन्होंने साफ कहा कि उनका अनमोल बिश्नोई या भानूप्रताप से कोई संबंध नहीं है।

उन्होंने बताया कि वर्ष 2019 में उन्होंने फ्लैट का पजेशन लिया था और वर्ष 2021 में यह फ्लैट आयुष, आसिफ और साहिल नाम के तीन युवकों को किराए पर दिया था। किराये की प्रक्रिया एक डीलर के माध्यम से पूरी हुई थी, इसलिए उनकी इन युवकों से प्रत्यक्ष मुलाकात नहीं हुई। तीनों ने खुद को नौकरीपेशा बताया और सभी दस्तावेज तथा पुलिस वेरिफिकेशन पूरा होने के बाद ही उन्हें फ्लैट दिया गया था। फ्लैट मालिक का कहना है कि वे आज तक अनमोल बिश्नोई से नहीं मिले और न ही उन्हें उसके बारे में जानकारी थी।

सुंदर नागर ने बताया कि सिद्धू मूसेवाला हत्या मामले के बाद एनआईए की टीम ने उनसे और उनके तीनों किरायेदारों से पूछताछ की थी, जिसके बाद उन्होंने फ्लैट खाली करवा लिया। नागर ने कहा कि अब एनआईए को ही पता लगाना है कि अनमोल ने फर्जी पासपोर्ट कहां और कैसे बनवाया। दूसरी ओर 19 नवंबर को अमेरिका से डिपोर्ट किए जाने के बाद अनमोल बिश्नोई को इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर एनआईए और दिल्ली पुलिस ने हिरासत में लिया था। जेल से बाहर आने के बाद वह फर्जी पासपोर्ट पर विदेश भाग गया था। वह बाबा सिद्दीकी हत्या, सिद्धू मूसेवाला हत्या और सलमान खान के घर फायरिंग सहित 18 से अधिक मामलों में आरोपी है।

बीपीटीपी थाना प्रभारी ने गुरूवार को जानकारी देते हुए बताया कि उनकी पोस्टिंग कुछ समय पहले ही हुई है और फिलहाल इस पुराने मामले की विस्तृत जानकारी उनके पास नहीं है। पुलिस का कहना है कि फर्जी पासपोर्ट पर दर्ज पते और फ्लैट किराये की पूरी प्रक्रिया की जांच की जा रही है। मामले में एनआईए की टीम अनमोल बिश्नोई से पूछताछ कर रही है और यह जांच रही है कि उसने यह पासपोर्ट किन लोगों की मदद से तैयार कराया।

Next Story