हरियाणा

Faridabad: फर्नीचर गोदाम में भीषण आग, नुकसान भारी

Admindelhi1
17 Dec 2025 10:29 AM IST
Faridabad: फर्नीचर गोदाम में भीषण आग, नुकसान भारी
x

फरीदाबाद: एक नंबर स्थित माता वैष्णो देवी मंदिर के सामने स्थित फर्नीचर बनाने के गोदाम में मंगलवार अचानक आग लग गई। आग लगने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई और गोदाम की पहली मंजिल से तेज धुआं व आग की लपटें बाहर निकलने लगीं। आग की सूचना मिलते ही एनआईटी फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया। घटना में गोदाम के अंदर रखा सारा सामान जलकर राख हो गया, हालांकि राहत की बात यह रही कि किसी भी प्रकार की जान का नुकसान नहीं हुआ। एनआईटी फायर स्टेशन के अधिकारी राकेश कुमार ने बताया कि सुबह कंट्रोल रूम में सूचना प्राप्त हुई कि एक नंबर माता वैष्णो देवी मंदिर के सामने एस. कुमार नामक की फर्नीचर गोदाम में आग लग गई।

सूचना के बाद तुरंत टीम को अलर्ट किया गया और दो फायर गाडिय़ों के साथ मौके पर पहुंचे। मौके पर देखा गया कि गोदाम का शटर बंद था और पहली मंजिल से घना धुआं निकल रहा था, जिससे अंदर प्रवेश करना मुश्किल हो रहा था। फायर कर्मियों ने पहले नीचे से ही पानी डालकर आग को काबू में करने का प्रयास किया। आग की लपटें बाहर तक तेजी से बाहर निकल रही थी, जिसकी वजह से पहली मंजिल की सभी शीशे की खिड़कियां टूट के सडक़ पर बिखर गई थी।

इसके बाद बिजली विभाग के कर्मचारियों को बुलाकर इलाके की बिजली सप्लाई बंद करवाई गई। शटर को काटकर गोदाम के अंदर प्रवेश किया गया, जहां आग पर काबू पाने का काम शुरू किया गया। गोदाम में लकड़ी, कपड़ा और फोम की अधिक मात्रा होने के कारण आग तेजी से फैल गई थी। बताया गया कि गोदाम में एक श्रमिक भी रहता था, लेकिन आग लगने के समय वह मंदिर गया हुआ था। गोदाम में मजदूर का घरेलू सामान खाना बनाने का रखा हुआ था, उसका गैस सिलेंडर सुरक्षित रहा और वह नहीं फटा, जिससे बड़ा हादसा टल गया। दूसरी मंजिल तक आग ज्यादा नहीं पहुंच पाई। प्राथमिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है, हालांकि आग के सही कारणों की जांच की जा रही है।

Next Story