हरियाणा

Faridabad: सड़क पार करते समय बस की चपेट में आया व्यक्ति, हादसे में गई जान

Admindelhi1
13 Aug 2026 7:19 PM IST
Faridabad: सड़क पार करते समय बस की चपेट में आया व्यक्ति, हादसे में गई जान
x
सड़क हादसे में व्यक्ति की मौत, बस की चपेट में आने से हुआ हादसा

फरीदाबाद : फरीदाबाद के एनआईटी क्षेत्र में दीप सिंह चौक के पास गुरुवार को एक सडक़ हादसा हो गया। हादसे में करीब 42 वर्षीय एक व्यक्ति की ट्रैवल बस की चपेट में आने से मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद बस ड्राइवर, गाड़ी को मौके पर छोडक़र फरार हो गया। जानकारी के अनुसार, किरण ट्रैवल्स की एक खाली बस दीप सिंह चौक से होते हुए डबुआ सब्जी मंडी की तरफ जा रही थी। इसी दौरान एक व्यक्ति सडक़ पार कर रहा था। बताया जा रहा है कि सडक़ पार करते समय वह अचानक बस के सामने आ गया। बस की चपेट में आने के बाद व्यक्ति सडक़ पर गिर गया और बस उसके ऊपर से गुजर गई।

हादसा इतना भीषण था कि व्यक्ति का शरीर बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसा होते ही मौके पर मौजूद राहगीरों ने पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलने के करीब 10 से 12 मिनट बाद पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने सबसे पहले सडक़ पर खड़ी बस को साइड करवाया और मामले की जांच शुरू की। पुलिस के पहुंचने से पहले ही बस ड्राइवर मौके से फरार हो चुका था। पुलिस ने बस को कब्जे में ले लिया है। हादसे में जान गंवाने वाले व्यक्ति की पहचान अभी तक नहीं हो पाई है। पुलिस का कहना है कि मृतक की पहचान के लिए आसपास के थानों में भी जानकारी भेजी जा रही है।

शव को अस्पताल की मोर्चरी तक पहुंचाने के लिए एम्बुलेंस का इंतजार किया गया। करीब आधे घंटे तक एम्बुलेंस नहीं पहुंचने पर स्थानीय लोगों की मदद से पुलिस ने शव को एक पिकअप बोलेरो में रखवाकर मोर्चरी भिजवाया। मुजेसर थाने से मौके पर पहुंचे एएसआई धर्मेंद्र ने बताया कि एक व्यक्ति सडक़ पार कर रहा था और इसी दौरान वह बस की चपेट में आ गया। उन्होंने बताया कि मृतक की पहचान अभी नहीं हो पाई है। बस को कब्जे में लेकर चालक की तलाश शुरू कर दी गई है। पुलिस का कहना है कि चालक को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा और हादसे की पूरी जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Next Story