Faridabad: डॉक्टर की लापरवाही से मासूम की जान गई, जांच की मांग तेज

फरीदाबाद: बीके अस्पताल से फिर से लापरवाही का मामला सामने आया है। सैनिक कॉलोनी निवासी प्रमोद मंगलवार दोपहर अपने 6 माह के बच्चे को लेकर अस्पताल पहुंचे थे। परिवार के मुताबिक बच्चे को पेट में दर्द था, लेकिन डॉक्टर व नर्स की लापरवाही और इलाज में देरी के कारण उनके बेटे की जान चली गई।
प्रमोद मध्य प्रदेश के रहने वाले हैं। फरीदाबाद में सैनिक कालोनी में रहते हैं। प्रमोद ने बताया कि उनके बेटे नमन की तबीयत कुछ ठीक नहीं लग रही थी। जिसके बाद वे मंगलवार दोपहर बच्चे को लेकर अस्पताल पहुंचे। अस्पताल पहुंचने पर लगभग 1 घंटे बाद चिकित्सक ने बच्चे को चेक किया। जिसके बाद उसे इंजेक्शन देकर ग्लूकोस चढ़ाया। इसके बाद बुधवार सुबह दोबारा इंजेक्शन लगाया और फिर ग्लूकोस चढ़ाया। नर्स ने कहा कि अगर बच्चे ने दूध न पिया हो तो पिला दो। जिस पर परिवार ने बच्चे को दूध पिला दिया। जब प्रमोद ने नर्स से कहा कि दूध पिला दिया है। बच्चा बहुत रो रहा है। आप उसको देख लो, लेकिन नर्स ने बच्चे को नहीं देखा और यह कह दिया कि मैं आ रही हूं। जिसके बाद प्रमोद पानी लेने गया मगर वापस आने से पहले बच्चे ने दम तड़ दिया। प्रमोद और परिवारजन अस्पताल के बाहर काफी देर तक बच्चे का शव लेकर खड़े रहे। परिवार का आरोप है कि डॉक्टर व नर्स की लापरवाही से बच्चे की जान गई है।
इस मामले में अभी शिकायत नहीं आई है। अगर परिवार की शिकायत आएगी तो इस पर जांच की जाएगी। -डॉ विकास गोयल, एसएमओ





