हरियाणा

Faridabad: 100 करोड़ के खजाने की लालच में लाखों की ठगी, मौलवी गिरफ्तार

Admindelhi1
21 Jun 2025 7:35 PM IST
Faridabad: 100 करोड़ के खजाने की लालच में लाखों की ठगी, मौलवी गिरफ्तार
x

फरीदाबाद: घर में 100 करोड़ का खजाना दबा होने का लालच देकर ठग ने एक शख्स से 29 लाख रूपए ठग लिए। क्राइम ब्रांच ऊंचागांव की टीम ने आरोपी को बिहार के अररिया जिले स्थित उसके गांव खाबदा से गिरफ्तार कर लिया है।

सारन थाना क्षेत्र में जवाहर कॉलोनी के रहने वाले रघुनंदन शर्मा ने पुलिस को दी शिकायत में बताया है कि करीब 2 साल पहले उसको घर में बैड के नीचे चावल फैले हुए मिले थे। जिस पर उसकी पत्नी ने शक जाहिर किया कि किसी ने उनके घर में टोना-टोटका किया है। रघुनंदन ने अपने पड़ोसी मरगूब अहमद को पूरा घटना बताई जिस पर मरगूब अहमद, पर्वतीय कॉलोनी के रहने वाले एक मौलवी कमरे आलम को बुलाकर उनके घर लाया। मौलवी ने उनको कहा कि घर में कोई जादू टोना नहीं है। तुम्हारे घर में दो सांपों का जोड़ा है और घर के अंदर 100 करोड़ का सोना-चांदी दबा हुआ है। मौलवी ने उनसे वादा किया कि वह सोने को जादू-मंतर से बाहर निकाल देगा, लेकिन ऐसा करने में 35 से 40 लाख का खर्चा आएगा।

रघुनंदन शर्मा ने लालच में आकर उसको 8 लाख रूपए कैश दे दिए। जिसके बाद मौलवी बंगाल जाने की बात कहकर चला गया। मटके में सोने के 107 सिक्के दिखाए। रघुनंदन शर्मा ने बताया कि करीब 20 दिन के बाद मौलवी वापस आया और मटके में सोना दिखाने लिए कहने लगा। मौलवी ने उनके घर के सामने के प्लाट में एक मिट्‌टी का मटका दबा दिया और कहा कि अब काम शुरू हो गया है। इसी दौरान मौलवी ने उनसे 5 लाख और ले लिए। जिसके बाद मौलवी ने घर पर आकर एक पीतल का मटका मंगाया और कमरे से सबको बाहर निकालकर पूजा करने लगा। कुछ देर बाद मौलवी ने परिजनों को बुलाकर मटके में 107 सोने के सिक्के और दूसरे आभूषण दिखाए। सभी आभूषण मौलवी ने रघुनंदन शर्मा को सुनार के पास ले जाकर सोने के सिक्के और आभूषणों को चेक कराने के लिए बोला। जिसके बाद रघुनंदन ने सुनार के पास ले जाकर सभी सोने के आभूषणों और गहनों को चेक कराया। सुनार ने सभी गहने और सिक्कों को असली बताया, जिसके बाद रघुनंदन का मौलवी पर पूरा विश्वास हो गया।

मौलवी 29 लाख लेकर हुआ फरार

रघुनंदन ने बताया कि इसके बाद मौलवी ने 15 लाख रूपए की और मांग की। मौलवी ने अलग-अलग किश्तों में उससे 29 लाख रूपए ले लिए। लेकिन कुछ समय बाद मौलवी का फोन बंद हो गया। काफी तलाश करने भी मौलवी को कोई पता नहीं चला। जिसके बाद उनको अहसास हो गया कि उनके साथ ठगी हो चुकी है। रघुनंदन ने मामले की शिकायत सारन थाना पुलिस को दी।

आरोपी मौलवी को बिहार से पकड़ा

क्राइम ब्रांच ऊंचागांव की टीम ने इस मामले की जांच करते हुए आरोपी मौलवी कमरे आलम को बिहार के अररिया जिले स्थित उसके गांव खाबदा से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी से शुरुआती पूछताछ में पता चला कि वो बीते 14 साल से फरीदाबाद में रह रहा है। पर्वतीय कॉलोनी स्थित एक मदरसा नूर उल पब्लिक स्कूल में 7-8 साल तक उसने नौकरी की। रघुनंदन ने उसको टोना टोटका के बारे में बताया था। जिसके बाद उसने इस पूरी ठगी को प्लान किया था। पुलिस ने आरोपी मौलवी को कोर्ट में पेश कर 7 दिन के पुलिस रिमांड पर लिया है। पुलिस अभी आरोपी से पैसे की रिकवरी को लेकर पूछताछ करेगी।

Next Story